Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
क्षेत्रीय
07-Oct-2026

जबलपुर: वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को शहर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। टाउन हॉल स्थित गांधी प्रतिमा से पैदल मार्च निकालते हुए कांग्रेसजन मालवीय चौक पहुंचे जहां केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले फूंके।पूर्व मंत्री व विधायक लखन घनघोरिया पूर्व मंत्री तरुण भनोट कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता खत्म हो चुकी है और कथित वोट चोरी के खिलाफ विपक्ष का यह आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त तत्काल इस्तीफा दें SIR प्रक्रिया को समाप्त किया जाए और आगामी चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएं। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक चुनाव प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता नहीं लाई जाती तब तक इंडिया गठबंधन के घटक दल सड़कों पर उतरकर आंदोलन करते रहेंगे। जबलपुर: धान खरीदी केंद्रों और वेयरहाउसों की अव्यवस्थाओं को लेकर करणी सेना परिवार और विभिन्न तहसीलों के किसान संगठनों ने घंटाघर चौक पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मध्य प्रदेश सरकार किसानों के साथ लगातार छलावा कर रही है। पूर्व में कई बार ज्ञापन देने के बावजूद शासन के नियमानुसार कार्रवाई नहीं की जा रही है। अपनी मांगों को लेकर जब कार्यकर्ता कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने जा रहे थे तो पुलिस ने उन्हें घंटाघर चौक पर ही बैरिकेडिंग कर रोक लिया।मौके पर पहुंचे अपर कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि मांगों को लेकर भोपाल स्तर पर वार्ता जारी है लेकिन प्रदर्शनकारी मांगें पूरी न होने तक मौके पर ही डटे रहने का निर्णय लिया है। करणी सेना और किसान संगठनों ने जबलपुर की अन्य तहसीलों के किसानों से भी एकजुट होकर आंदोलन को समर्थन देने का आह्वान किया है। जबलपुर: शिव नगर स्थित मकान नंबर 689 के मालिक ने अपने किराएदार सोनू रजक और उसकी पत्नी वंदना रजक के खिलाफ अवैध कब्जे किराया न देने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। पीड़ित मकान मालिक के अनुसार 11 महीने के एग्रीमेंट पर प्रथम तल पर रह रहे उक्त पति-पत्नी ने पिछले 4 महीनों से किराया बंद कर दिया है।पीड़ित का आरोप है कि किराया मांगने पर किराएदार महिला गाली-गलौज करती है और कपड़े फाड़कर झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती है। इतना ही नहीं मकान के भूतल पर पीड़ित के बड़े बेटे की गृहस्थी का सामान रखा है जिसे दबंगई के बल पर खोलने नहीं दिया जा रहा है। कमरों में पानी भरने के कारण सामान खराब हो रहा है और बेटा डर के मारे कहीं और किराए पर रहने को मजबूर है। पीड़ित मकान मालिक ने एसपी से मामले में संज्ञान लेकर मकान खाली कराने और सुरक्षा प्रदान करने की गुहार लगाई है। जबलपुर: त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर चलाई जा रही सघन चेकिंग के दौरान जीआरपी जबलपुर पुलिस ने एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 5.342 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 33 हजार 550 रुपये बताई जा रही है।रेल एसपी सुंदर सिंह कनेश एएसपी आशुतोष मिश्रा और डीएसपी अंकिता सुल्या के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 2-3 पर संदिग्ध अवस्था में घूम रही महिला बैदेही बाई निवासी रायसेन हाल निवासी बरगढ़ ओडिशा को पकड़ा। महिला के थैले की तलाशी लेने पर उसमें से गांजे के 5 पैकेट मिले। जीआरपी ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया है और गांजे के मुख्य सप्लायर के संबंध में पूछताछ कर रही है।