Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
क्षेत्रीय
04-Oct-2026

जबलपुर: गोरखपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलाटी पेट्रोल पंप के पास स्थित एक कॉलोनी में बाहरी लोगों के जमावड़े और देर रात शराबखोरी की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही सूचना सही पाई गई; हालांकि संदिग्ध लोग पहले ही वहां से गायब हो चुके थे। तलाशी के दौरान मकान से शराब की खाली बोतलें और हुक्का जैसी सामग्री बरामद की गई है जिस पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की है।सीएसपी एमडी नागोतिया ने बताया कि मकान में बिना किसी जानकारी के बाहरी लोगों के रुकने की पुष्टि हुई है। मामले कोगंभीरता से लेते हुए सीएसपी ने आम नागरिकों और मकान मालिकों से अपील की है कि वे किसी को भी मकान किराए पर देने से पहले उनका पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं। उन्होंने कहा कि किरायेदारों के सत्यापन से संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में मदद मिलती है। जबलपुर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर चलाए जा रहे जनविश्वास अभियान के तहत शनिवार को पूर्व विधानसभा क्षेत्र में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न शासकीय योजनाओं का औचक निरीक्षण किया। गांधी जयंती के शासकीय अवकाश के कारण यह अभियान शनिवार को आयोजित किया गया। टीम ने संजीवनी क्लिनिक शासकीय राशन दुकानों और वृक्षारोपण स्थलों का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। इसके बाद अधिकारियों ने आश्रय गृह स्थित दीनदयाल रसोई पहुंचकर 5 रुपये की थाली का क्यूआर कोड से भुगतान किया और स्वयं भोजन कर खाद्य गुणवत्ता की जांच की।जिला प्रशासन द्वारा गठित 5 अलग-अलग टीमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही आंकलन कर रही हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचाना और विकास कार्यों में पारदर्शिता व गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। जबलपुर । कटंगी थाना क्षेत्र के बेलखाडू स्थित अश्विनी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर द्वारा किए गए गलत इलाज और लापरवाही की वजह से युवक की जान गई है। जानकारी के अनुसार ग्राम झगरा निवासी शेखर चौधरी को तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था जहां उपचार के दौरान उसकी हालत बिगड़ी और उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए जांच की मांग की।मामले की गंभीरता को देखते हुए कटंगी थाना प्रभारी गोपेंद्र सिंह और बेलखाडू चौकी प्रभारी अमित मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर मर्ग कायम कर लिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। जबलपुर । गांधी जयंती पर शराब दुकानें पूरी तरह बंद रहने के आदेश के बावजूद बरगी नगर में अवैध रूप से शराब बेचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बरगी नगर स्थित शराब दुकान के सामने ही दो युवक खुलेआम शराब बेच रहे थे। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष संजू लाल ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को पकड़ा और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही बरगी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शराब सहित दोनों युवकों को हिरासत में लेकर चौकी ले आई।स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री लगातार जारी है और ड्राय डे जैसे पावन अवसर पर दुकान के सामने शराब बिकना पुलिस गश्त पर सवाल उठाता है। फिलहाल पुलिस पकड़ी गई शराब और दोनों युवकों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है जिसके बाद ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी। इस घटना ने एक बार फिर इलाके में अवैध शराब कारोबार को लेकर बहस छेड़ दी है। जबलपुर: आगामी दुर्गोत्सव पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस कंट्रोल रूम में डीजे साउंड और लाइट संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने लगभग 250 संचालकों की उपस्थिति में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान डीजे का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साउंड सिस्टम के लिए अनुमति लेना अनिवार्य होगा और झांकियों या चल समारोह में 12 इंच व्यास से छोटे अधिकतम 2 साउंड बॉक्स ही लगाए जा सकेंगे जिनका वॉल्यूम 50 डेसिबल से अधिक नहीं होना चाहिए।​प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी भी स्थिति में चोंगों का उपयोग नहीं होगा और न ही ऐसे गाने बजाए जाएंगे जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों। सुरक्षा मानकों पर जोर देते हुए अधिकारियों ने बिजली तारों और जनरेटरों को सुरक्षित रखने तथा कटिया कनेक्शन न लगाने के निर्देश दिए। शॉर्ट सर्किट या करंट फैलने जैसी दुर्घटनाओं के लिए संचालकों को भी समान रूप से जिम्मेदार ठहराया जाएगा। सभी उपस्थित संचालकों से इन नियमों का कड़ाई से पालन करने का वचनपत्र लिया गया है और उल्लंघन करने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।