जबलपुर । ओमेगा हॉस्पिटल में इलाज के दौरान गौर-सालीवाड़ा निवासी 40 वर्षीय उमेश झरिया की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। पेट में अल्सर की शिकायत के चलते मृतक को 30 सितंबर को भर्ती कराया गया था। परिजनों का गंभीर आरोप है कि आयुष्मान कार्ड से इलाज के बावजूद अस्पताल प्रबंधन द्वारा लगातार अतिरिक्त पैसों की मांग की जा रही थी और पैसे की व्यवस्था करने के दौरान ही सही इलाज न मिलने और लापरवाही के कारण मरीज की मौत हो गई।घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल परिसर में जमा हो गए और आक्रोश जताने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया है। जबलपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद आशीष दुबे की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पाटन विधायक अजय विश्नोई सिहोरा विधायक संतोष वरकडे पनागर विधायक इंदु तिवारी बरगी विधायक नीरज सिंह और कलेक्टर सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के विलंब से पहुंचने पर सांसद और विधायकों ने कड़ा ऐतराज जताते हुए अधिकारियों की लापरवाही पर जमकर नाराजगी जाहिर की। जनप्रतिनिधियों ने सख्त लहजे में हिदायत दी कि विकास कार्यों और प्रशासनिक बैठकों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जबलपुर । मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 स्थित RMS डाकघर में डाक व पार्सल भेजने आने वाले आम नागरिकों से लिए जा रहे वाहन स्टैंड शुल्क और केवल ऑनलाइन भुगतान नियम के विरोध में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय छात्र परिषद ने मोर्चा खोल दिया है। छात्र परिषद के प्रतिनिधियों ने संभागायुक्त के माध्यम से रेल मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था में सुधार की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि आरएमएस डाकघर के ठीक आगे रेलवे स्टैंड संचालित होने से डाक सेवा का उपयोग करने आने वाले आम लोगों वरिष्ठ नागरिकों और विद्यार्थियों से भी जबरन पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है जबकि उनका उद्देश्य स्टेशन के अंदर जाना नहीं होता।इसके अलावा ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि डाकघर में कैश भुगतान बंद कर केवल ऑनलाइन पेमेंट की व्यवस्था लागू कर दी गई है जिससे डिजिटल भुगतान में असमर्थ नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्र परिषद ने जनहित में मांग उठाई है कि आरएमएस डाकघर के सामने से पार्किंग का रास्ता हटाया जाए ताकि बेवजह शुल्क वसूली बंद हो और ऑनलाइन भुगतान के साथ-साथ नगद लेन-देन की सुविधा भी तत्काल बहाल की जाए। जबलपुर । शहर में लगातार बढ़ते अपराधों खुलेआम हो रही अवैध शराब की बिक्री और बदहाल कानून व्यवस्था के विरोध में युवा कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर कोतवाली थाने का घेराव किया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि शहर में आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण पाने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है जिससे आम जनता में असुरक्षा का माहौल बन रहा है।थाने के बाहर प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से शहर में अवैध शराब के कारोबार पर तुरंत पूर्ण प्रतिबंध लगाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई। प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस-प्रशासन ने जल्द ही कानून व्यवस्था में सुधार नहीं किया और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लगाई तो युवा कांग्रेस पूरे जिले में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। जबलपुर । संत शिरोमणि सद्गुरु रविदास आश्रम समिति ने शहर के कोतवाली और लॉर्डगंज थाना क्षेत्रों में हुई हिंसा के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित पक्ष पर दर्ज एफआईआर को निरस्त करने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। समिति ने ज्ञापन में बताया कि गत 25 सितंबर की रात गणेश विसर्जन के बाद यश और युवराज अहिरवार के साथ राजा रसगुल्ला गली में मारपीट की गई थी जिस पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इसी रंजिश के चलते 26 सितंबर की रात आरोपियों ने रबि नगर गढ़ा फाटक में तोड़फोड़ और ईंट-पत्थर बरसाकर पूरे इलाके में आतंक फैलाया।समिति का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने तलवार चाकू और डंडों से जानलेवा हमला कर इमारती बाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। हमले में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। समिति ने कोतवाली और लॉर्डगंज थानों के संबंधित मामलों में फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही लॉर्डगंज पुलिस द्वारा पीड़ित पक्ष के खिलाफ दर्ज की गई कथित झूठी एफआईआर को निरस्त करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि यदि पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो समाज उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। जबलपुर । गोहलपुर थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई नकबजनी और वाहन चोरी का खुलासा करते हुए 5 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से सोने-चांदी के जेवर इलेक्ट्रॉनिक सामान एक महिंद्रा पिकअप और एक टाटा इंट्रा वाहन बरामद किया है जिसकी कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है। अमन नगर में सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी नूरुद्दीन अंसारी मोहम्मद इरशाद और भीम उर्फ आदिल खान को सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया जिनसे चोरी के जेवर व सामान जब्त किए गए हैं।वहीं दूसरे मामले में त्रिमूर्तिनगर से चोरी हुई टाटा इंट्रा गाड़ी को रीवा जिले के एक ढाबे के पास से बरामद कर आरोपी राजू उर्फ रामगोपाल साहू और सौरभ दहिया को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी नूरुद्दीन पर पूर्व से 11 और इरशाद पर 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसपी संपत उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।