धमकियों के बीच अमिताभ बच्चन की क्रिप्टिक पोस्ट लिखा- बच गए बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को लगातार मिल रही धमकियों के बीच उनकी एक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है। मुंबई स्थित उनके बंगले जलसा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अमिताभ रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रशंसकों से मिलने बाहर आए। इसके बाद उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर सिर्फ एक शब्द लिखा- सर्वाइव्ड यानी बच गए। उनकी इस पोस्ट को लगातार मिल रही धमकियों से जोड़कर देखा जा रहा है। मुंबई पुलिस के मुताबिक 12 नवंबर को जलसा को बम से उड़ाने का तीसरा धमकी भरा ईमेल मिला था। इससे पहले 6 नवंबर और 23 अक्टूबर को भी इसी तरह की धमकियां दी गई थीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दिलजीत दोसांझ का इंदौर में बयान बोले- किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का इंदौर कॉन्सर्ट चर्चा में है। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मशहूर शायर राहत इंदौरी का शेर पढ़ते हुए कहा- सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल कॉन्सर्ट से पहले कई संस्थानों को धमकी भरे ईमेल मिले थे जिनमें आरडीएक्स विस्फोट की धमकी दी गई थी। इस पर दिलजीत ने कहा कि उनके इंदौर आने और कार्यक्रम को रोकने की कई कोशिशें हुईं लेकिन यह महाकाल की धरती है और यहां आने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता। रामायण ने 11 दिन में कमाए 1384 करोड़ रुपये बॉक्स ऑफिस पर बनाया रिकॉर्ड रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म रामायण पार्ट-1 बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के 11 दिनों में दुनियाभर में करीब 1 हजार 384 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। दूसरे रविवार को फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 75 करोड़ रुपये रहा। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत में फिल्म की नेट कमाई 760 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुकी है जबकि विदेशी बाजारों से करीब 475 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ है। इस शानदार कमाई के साथ फिल्म हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। शरद कपूर को मिली हॉलीवुड फिल्म जनवरी से शुरू करेंगे शूटिंग फिल्म जोश में नजर आ चुके अभिनेता शरद कपूर के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मुश्किल दौर से गुजर रहे अभिनेता को अब हॉलीवुड फिल्म में काम मिल गया है और वह जनवरी से इसकी शूटिंग शुरू करेंगे। हाल ही में उनका एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री से काम देने की अपील की थी। बताया गया कि एनिमल क्रुएल्टी के आरोपों के बाद उनके चार कुत्तों को शेल्टर होम भेजा गया था। अब शरद कपूर ने एक इंटरव्यू में स्पष्ट किया है कि उन्हें आर्थिक मदद की जरूरत नहीं है और वीडियो बनाने का मकसद केवल काम मांगना था। अभिनेता सोनू सूद भी उनसे मुलाकात कर चुके हैं। समय रैना के कजिन मतलब पति वाले कमेंट पर विवाद मौलाना ने जताई नाराजगी कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर अपने शो इंडियाज गॉट लेटेंट को लेकर विवादों में हैं। शो के दूसरे सीजन के एक एपिसोड में समय रैना के कजिन मतलब पति वाले मजाक पर मौलाना कारी इसहाक गोरा ने नाराजगी जताई है। दरअसल शो में आई कंटेस्टेंट भाग्यश्री तार्के अपने काल्पनिक थिएटर किरदार सलमा दीवानी के रूप में पहुंची थीं। जब समय ने उनसे पूछा कि वह किसके साथ आई हैं तो उन्होंने अपने मुंबई में रहने वाले कजिन का नाम लिया। इस पर गेस्ट जज हुमा कुरैशी ने कजिन के बारे में पूछा और समय ने मजाक में कहा- पति होंगे। इस टिप्पणी पर मौलाना ने आपत्ति जताते हुए कहा कि ऐसे कॉमेडियंस पर लगाम कसनी चाहिए जो कुछ भी बोल देते हैं।