Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
ट्रेंडिंग
14-Nov-2026

पहली खबर – एक्टर शरद कपूर पर एनिमल क्रूएलिटी के आरोप चार कुत्तों का रेस्क्यू फिल्म अभिनेता शरद कपूर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वे बेहद खराब हालत वाले कमरे में चार कुत्तों के साथ नजर आ रहे हैं। शुरुआत में उन पर जानवरों के साथ क्रूरता करने के आरोप लगे थे जिसके बाद एनिमल वेलफेयर टीम ने चारों कुत्तों का रेस्क्यू किया। हालांकि बेजुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट की संस्थापक हेमा चौधरी के मुताबिक मामला क्रूरता का नहीं बल्कि शरद कपूर की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का है। इसी वजह से वे अपने कुत्तों की देखभाल नहीं कर पा रहे थे। बताया जा रहा है कि अभिनेता ने फिल्म इंडस्ट्री से काम देने की अपील भी की है। दूसरी खबर – 81 साल के टीनू आनंद के साथ हुआ दर्दनाक हादसा पांच पसलियां टूटीं बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और फिल्ममेकर टीनू आनंद ने अपने साथ हुए हादसे की कहानी साझा की है। 81 वर्षीय टीनू आनंद ने बताया कि घर में अंधेरे के दौरान चलते समय वे अचानक गिर पड़े और रातभर फर्श पर ही सोए रहे। अगली सुबह उनकी बेटी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची जहां जांच में पांच पसलियां टूटी होने और एक पसली से फेफड़े में छेद होने का पता चला। उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। 12 नवंबर को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद फिलहाल घर पर उनका इलाज और फिजियोथेरेपी जारी है। डॉक्टरों ने उन्हें बेड रेस्ट की सलाह दी है। तीसरी खबर – आशीष चंचलानी से नाम जुड़ने पर भड़कीं समरीन कौर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भारतीय क्रिकेटर अर्शदीप सिंह की मंगेतर और अभिनेत्री समरीन कौर ने यूट्यूबर आशीष चंचलानी के साथ अपना नाम जोड़े जाने पर नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया पर दोनों के पुराने फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद समरीन ने इंस्टाग्राम पर सफाई देते हुए कहा कि पिछले चार साल से उनकी आशीष से कोई बातचीत नहीं हुई है। दरअसल 11 नवंबर को अर्शदीप सिंह से सगाई के बाद पुराने वीडियो और तस्वीरों को एडिट कर सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा था। समरीन ने भ्रामक खबरें बनाने और फैलाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। चौथी खबर – कंगना रनोट के खिलाफ हिमाचल में FIR दर्ज गैर-जमानती धारा लगने का दावा बॉलीवुड अभिनेत्री और मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनोट की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के मामले में शिमला के बालूगंज थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कंगना की 10 नवंबर की पोस्ट भ्रामक और भड़काऊ है जिससे सामाजिक सौहार्द्र प्रभावित हो सकता है। मामले में गैर-जमानती धारा लगाए जाने की भी जानकारी सामने आई है। पांचवीं खबर – रूमर्ड गर्लफ्रेंड कोमल के साथ दिखे गोविंदा हाथ थामे तस्वीरें वायरल बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। उनकी रूमर्ड गर्लफ्रेंड कोमल रानी स्वर्णकार ने सोशल मीडिया पर दोनों की नई तस्वीरें शेयर की हैं। तस्वीरों में गोविंदा और कोमल एक-दूसरे का हाथ थामे और करीब खड़े होकर पोज देते नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। गौरतलब है कि गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा पहले भी उनके कथित रिश्ते को लेकर सार्वजनिक रूप से सवाल उठा चुकी हैं और दूसरी शादी के आरोप भी लगा चुकी हैं।