बिजनेस न्यूज बुलेटिन पहली खबर – दूध-दही और पनीर के पैकेट पर दिखेगा नया लोगो अब बाजार से दूध दही और पनीर खरीदते समय असली डेयरी प्रोडक्ट्स की पहचान करना आसान होगा। फूड सेफ्टी रेगुलेटर FSSAI ने दूध और इससे बने सभी उत्पादों के पैकेट पर एक समान नया लोगो लगाना अनिवार्य कर दिया है। 1 जुलाई 2028 से लागू होने वाले इस नियम के तहत कंपनियों को पैकेट पर नीले चौकोर बॉक्स में सफेद रंग की बूंद का निशान लगाना होगा। इससे ग्राहक आसानी से असली डेयरी उत्पादों की पहचान कर सकेंगे। दूसरी खबर – टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स को 5 हजार 531 करोड़ का घाटा टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड को जुलाई से सितंबर की दूसरी तिमाही में 5 हजार 531 करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को 76 हजार 170 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था। कंपनी के मुताबिक कच्चे माल की बढ़ती कीमतें अतिरिक्त खर्च और जगुआर के पुराने मॉडलों का प्रोडक्शन बंद होना घाटे की प्रमुख वजहें हैं। हालांकि इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 34 प्रतिशत बढ़कर 96 हजार 920 करोड़ रुपए पहुंच गया। तीसरी खबर – दुबई एयरपोर्ट ने स्पाइसजेट की चेक-इन सर्विस रोकी दुबई एयरपोर्ट ने बकाया भुगतान नहीं होने के कारण भारतीय एयरलाइन स्पाइसजेट की चेक-इन सर्विस रोक दी है। एयरलाइन पर एयरपोर्ट प्रशासन और ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी डीएनएटा का करीब 35 करोड़ 85 लाख रुपए बकाया है। इसके चलते 12 नवंबर को दुबई से दिल्ली मुंबई जयपुर और अमृतसर आने वाली चार उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इस कारण सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए। यात्रियों को समय पर जानकारी नहीं देने के मामले में दुबई एविएशन अथॉरिटी ने स्पाइसजेट के अधिकारी को भी तलब किया है। चौथी खबर – सोना सात महीने बाद 1 लाख 36 हजार रुपए से नीचे आया शादी-ब्याह के सीजन में सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए राहत की खबर है। सोने की कीमत सात महीने बाद 1 लाख 36 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम से नीचे आ गई है। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक 24 कैरेट सोना 1 हजार 883 रुपए गिरकर 1 लाख 35 हजार 809 रुपए पर पहुंच गया। वहीं चांदी की कीमत में भी 3 हजार 40 रुपए की गिरावट आई और यह करीब 1 लाख 78 हजार रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई। पिछले तीन दिनों में सोना 6 हजार 611 रुपए और चांदी करीब 8 हजार रुपए सस्ती हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर की मजबूती और निवेशकों की बिकवाली को कीमतों में गिरावट की प्रमुख वजह माना जा रहा है।