सोने-चांदी के दाम में जोरदार तेजी इस हफ्ते सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार बढ़ोतरी देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक 24 कैरेट सोना 8257 रुपए महंगा होकर 1 लाख 61 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। पिछले हफ्ते 14 अगस्त को सोने का भाव करीब 1 लाख 52 हजार रुपए था। वहीं चांदी की कीमत भी 12788 रुपए बढ़कर 2 लाख 47 हजार रुपए प्रति किलो हो गई। कनाडा पर अमेरिका का 50% टैरिफ अमेरिका और कनाडा के बीच तीन दिन तक चली व्यापार वार्ता बेनतीजा रही। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कनाडा से आने वाले करीब 20 अरब डॉलर के सामान पर 50 फीसदी टैरिफ लागू कर दिया। यह कनाडा से अमेरिका भेजे जाने वाले कुल सामान का करीब 5 फीसदी है। कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि अमेरिका जितना टैरिफ लगाएगा कनाडा भी उतना ही जवाब देगा। चीन में 40 लाख से ज्यादा कारों का रिकॉल चीन में सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते 40 लाख से ज्यादा कारों को वापस मंगाने का फैसला किया गया है। इस रिकॉल में टेस्ला की करीब 30 लाख गाड़ियां शामिल हैं। मुख्य समस्या कारों में लगे फ्लश या हिडन डोर हैंडल से जुड़ी बताई जा रही है। चीन के रेग्युलेटर के मुताबिक यह इस साल का सबसे बड़ा ऑटो रिकॉल है। चीनी जमाखोरी से बढ़ी चीनी की कीमत सरकार ने चीनी से एथेनॉल बनाने के कारण कीमतें बढ़ने के दावों को खारिज किया है। खाद्य और उपभोक्ता मंत्रालय के मुताबिक कम उत्पादन त्योहारी सीजन में बढ़ी मांग और जमाखोरी के चलते चीनी महंगी हुई है। एक महीने में चीनी की कीमत 55 रुपए प्रति किलो से ऊपर पहुंच गई है। कीमतों पर नियंत्रण के लिए स्टॉक लिमिट और ड्यूटी-फ्री इंपोर्ट जैसे कदम उठाए गए हैं। गूगल भारत में बढ़ा सकता है पिक्सल फोन का उत्पादन गूगल अपने पिक्सल फोन समेत अन्य डिवाइसेस के उत्पादन का बड़ा हिस्सा चीन से भारत शिफ्ट कर सकती है। केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि भारत को एक्सपोर्ट हब बनाने की दिशा में कंपनी के साथ बातचीत चल रही है। इसके अलावा सरकार एपल के साथ भी आईफोन के अलावा अन्य प्रोडक्ट्स का भारत में निर्माण शुरू करने को लेकर चर्चा कर रही है।