गरियाबंद जिले के उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के ग्राम कोडकी में विस्थापन के मुद्दे पर बड़ी बैठक आयोजित हुई। बैठक में 128 गांव पारा और टोला से करीब 5 हजार ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से विस्थापन का विरोध करते हुए कहा कि वे किसी भी शर्त पर अपना गांव छोड़ने को तैयार नहीं हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग आदिवासियों को आपस में बांटकर विस्थापन के लिए तैयार करने और लालच देने का प्रयास कर रहा है। ‘जल जंगल जमीन बचाओ संघर्ष समिति’ की बैठक में ग्रामीणों ने देवझर-अमली क्षेत्र के लोगों से भी चर्चा कर विस्थापन के खिलाफ एकजुट होने का निर्णय लिया। दुर्ग जिले में साइबर ठगी की रकम को बैंक खातों के जरिए खपाने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सुपेला भिलाई भट्टी थाना और ACCU की संयुक्त टीम ने 9 म्यूल बैंक खाता धारकों को गिरफ्तार किया है। जांच में इन खातों से 5 लाख रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है। पुलिस के मुताबिक आरोपी कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते ATM चेकबुक और सिम कार्ड साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें 2 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन मिलता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंकिंग दस्तावेज ATM कार्ड पासबुक और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस ने लोगों से बैंक खाता ATM चेकबुक पासबुक या सिम किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए न देने की अपील की है। रायपुर से लगे अभनपुर नगर पालिका में अध्यक्ष और CMO के बीच विवाद का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में कांग्रेस नेता उतरसेन गहिवारे CMO निलेश केरकेट्टा से गाली-गलौज करते और नगर पालिका के उप अभियंता दुशात चौहान को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कांग्रेस नेता डंडा लेकर CMO को मारने के लिए दौड़े। घटना के बाद CMO और सब इंजीनियर ने अभनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने E-20 पेट्रोल और महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की जिद के कारण आम आदमी महंगाई की मार झेल रहा है। बैज ने कहा कि E-20 पेट्रोल से गाड़ियों में खराबी की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने के बावजूद पेट्रोल की कीमत कम नहीं हुई जबकि एथेनॉल उत्पादन के चलते शक्कर की कीमत बढ़ी है। बैज ने कहा कि पेट्रोल शक्कर मिठाई और खाने-पीने की चीजों की बढ़ती कीमतों से आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की BSc द्वितीय वर्ष की ‘एटोमोलॉजी’ परीक्षा का पेपर लीक होने का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। बैज ने कहा कि इससे पहले PWD उप अभियंता परीक्षा में नकल PSC परीक्षाओं में गड़बड़ी SI भर्ती की प्री-परीक्षा के परिणाम और आरक्षक वनरक्षक व RI पदोन्नति परीक्षाओं को लेकर भी सवाल उठ चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में परीक्षाओं की निष्पक्षता पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं और सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। ब्लू वाटर में लगातार हो रही मौतों को लेकर PCC चीफ दीपक बैज ने सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह पहली घटना नहीं है अब तक करीब 10 लोगों की मौत हो चुकी है। बैज ने कहा कि ऐसे खतरनाक गड्ढों को तत्काल बंद कराने की जरूरत है। लगातार हादसों के बावजूद स्थायी व्यवस्था नहीं किए जाने पर उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने बारिश के मौसम को देखते हुए प्रशासन से तत्काल गोताखोरों को पर्याप्त उपकरण और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की। बैज ने कहा कि ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।