बहुजन चेतना विकास मोर्चा ने जबलपुर जिले में अवैध रूप से संचालित हो रहे निजी स्कूलों के खिलाफ जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राधे श्याम मेहरा ने कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि जबलपुर जिले में सैकड़ों प्राइवेट स्कूल बिना किसी सरकारी मान्यता के जर्जर मकानों में धड़ल्ले से चलाए जा रहे हैं जो कभी भी ढह सकते हैं। संगठन का आरोप है कि शिक्षा माफिया नियमों को ताक पर रखकर इन स्कूलों की आड़ में अभिभावकों से अवैध वसूली कर रहे हैं और स्थानीय शिक्षा विभाग इस गंभीर मामले में कुंभकर्णीय नींद सोया हुआ है। पत्र में चेतावनी दी गई है कि जर्जर भवनों के कारण बच्चों के साथ कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। जबलपुर। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा आज सदर सहित शहर के लगभग 40 क्षेत्रों में विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बड़ी संख्या में पहुंचे आम जनमानस का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित कीं। जनता के स्वास्थ्य कल्याण को समर्पित इस सेवा कार्य के दौरान संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मुस्तैद रहे। इस अवसर पर मुख्य रूप से विभाग संयोजक सुमित सिंह ठाकुर जिला संयोजक नितेश पारस सहित तमाम कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मध्य प्रदेश लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा कर्मचारी संघ ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अपनी 6 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव को एक ज्ञापन सौंपा है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी द्वारा भेजे गए इस पत्र में साफ चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिनों के भीतर कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो संघ उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। मदन महल रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे अंडरब्रिज के नीचे गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। कार को धू-धू कर जलता देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई हालांकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुरक्षित बचने के बाद चालक मौके से चला गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसा रेलवे ट्रैक के ठीक नीचे बने अंडरब्रिज में हुआ था इसलिए स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे । गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई हालांकि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। माँ नर्मदा के पावन तट ग्वारीघाट स्थित गुरुधाम में आयोजित आठ दिवसीय श्री शिवमहापुराण कथा के चौथे दिन बुधवार को भगवान शिव और माता पार्वती का दिव्य विवाहोत्सव धूमधाम से संपन्न हुआ। कथाव्यास पूज्य आशीर्वाद महाराज ने शिव-पार्वती विवाह का भावपूर्ण वर्णन करते हुए बताया कि यह प्रसंग शिव और शक्ति की सनातन एकता का प्रतीक है। इस अवसर पर शिव-पार्वती की मनमोहक झांकी पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा की मंगल गीत गाए और डमरू की थाप पर जमकर नृत्य किया। आयोजन के तहत प्रतिदिन शिवलिंग निर्माण रुद्राभिषेक एवं कथा का आयोजन किया जा रहा है जिसका समापन 12 जुलाई को हवन पूर्णाहुति व विशाल भंडारे के साथ होगा। आयोजक नेमा परिवार ने अधिक से अधिक धर्मप्रेमी बंधुओं से कथा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे सरेराह चोरी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। पिछले कुछ समय से शहर में घरों और कार्यालयों के बाहर लगे एसी के कॉपर पाइप चोरी होने की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। इसी कड़ी में चेरीताल मार्केट की एक दुकान के बाहर लगे एसी आउटर से पाइप चोरी करने का एक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है। हालांकि इस पूरे मामले पर अभी तक पुलिस का कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर सवाल जरूर खड़े हो रहे हैं। जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-6 पर आरपीएफ जवानों की तत्परता से एक युवक की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया। दरअसल अमरकंटक एक्सप्रेस जब स्टेशन में प्रवेश कर रही थी तभी मुकेश मेश्राम अचानक ट्रैक पर आकर लेट गया। ट्रेन की गति धीमी होने के कारण चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए वहीं ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ आरक्षक चन्द्रेश्वर सिंह ने अपनी जान की परवाह किए बिना फुर्ती दिखाते हुए युवक को ट्रेन के आगे से सुरक्षित खींच लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह लंबे समय से टीबी की गंभीर बीमारी से पीड़ित है और इलाज में काफी पैसे खर्च होने के बाद भी ठीक न होने के कारण मानसिक तनाव में था जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। इसके बाद उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार ने युवक के परिजनों को सूचित किया जिसके बाद उनके उपस्थित होने पर उपनिरीक्षक आर.के. चंदेल द्वारा युवक को सकुशल उसके सामान और मोबाइल सहित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।