Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राष्ट्रीय
23-Jun-2026

जबलपुर । शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र बड़ा फुहारा में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब वहां स्थित दिगंबर डिजाइनर स्टोर में अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि आग की लपटें फैलने से पहले ही आसपास के दुकानदार मसीहा बनकर सामने आए। क्षेत्र की करीब 8-10 दुकानों के संचालकों ने बिना वक्त गंवाए नगर निगम द्वारा मिले अग्निशमन सिलेंडरों और प्राथमिक उपकरणों की मदद से मोर्चा संभाला और चंद मिनटों में ही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। दुकानदारों की इस तत्परता और सूझबूझ से एक बहुत बड़ा हादसा होने से बच गया और घनी आबादी वाले इस बाजार में लाखों का नुकसान टल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने की मुख्य वजह और नुकसान की सही जानकारी सामने नहीं आई है। जबलपुर । औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जबलपुर में मंगलवार को फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी और ड्रेस मेकिंग संकाय के प्रशिक्षणार्थियों ने एक शानदार फैशन शो के माध्यम से अपने वार्षिक प्रोजेक्ट का प्रेजेंटेशन दिया। इस शो में प्रशिक्षणार्थियों ने सालभर सीखे गए हुनर का प्रदर्शन करते हुए इंडो-वेस्टर्न ड्रेसों पर मॉडर्न आर्ट को उकेरा साथ ही फैब्रिक की ज्वेलरी और खुद के बनाए डिजाइनर बटुए व पर्स के साथ रैंप वॉक किया। वहीं ड्रेस मेकिंग के छात्रों ने पारंपरिक और इंडो-वेस्टर्न परिधानों की खूबसूरत श्रृंखला पेश की। इस सफल आयोजन के पीछे प्रशिक्षण अधिकारी अभिलाषा पाठक शिखा एंथोनी नमिता झा और मंगला शंग्रपवार का विशेष मार्गदर्शन रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इंटरनेशनल फैशन डिजाइनर बतुल अली उपस्थित रहीं जबकि आईटीआई प्राचार्य डॉ. अर्पित शुक्ला प्राचार्य वर्ग-2 अमित आठ्या शहपुरा आईटीआई प्राचार्य आकाश कश्यप और बरगी आईटीआई प्राचार्या नुपुर राय की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान फेवीक्रिल एक्सपर्ट प्रियंका शर्मा और नीतू मैडम का भी विशेष सहयोग रहा। जबलपुर । बिना वैध फायर एनओसी के संचालित हो रहे अस्पतालों स्कूलों कोचिंग संस्थानों और शॉपिंग मॉल्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा है। लखनऊ के कोचिंग संस्थान और पूर्व में जबलपुर के अस्पताल में हुए अग्निकांडों का हवाला देते हुए कार्यकर्ताओं ने शहर की फायर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सपा का आरोप है कि जिले में कई व्यावसायिक और शैक्षणिक प्रतिष्ठान बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों के धड़ल्ले से चल रहे हैं जिसमें जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही और सांठगांठ साफ नजर आती है। पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि सात दिनों के भीतर सभी निजी संस्थानों के फायर सेफ्टी दस्तावेजों की भौतिक जांच की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले सेंटरों को तत्काल सील किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी अनहोनी की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।