मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में ग्रामीण विकास रोजगार सृजन और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने से जुड़े तीन महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कैबिनेट के निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से 125 दिन रोजगार गारंटी प्रदान करने वाली वीबी-जी राम जी योजना को मंजूरी दी गई है। इस योजना के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 4000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना में केंद्र और राज्य सरकार के बीच व्यय अनुपात 60:40 रहेगा। कैबिनेट ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से अटल आजीविका समृद्धि हाट योजना को भी मंजूरी प्रदान की है। इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) सेवा विपणन (मार्केटिंग) और डिजिटल केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इससे ग्रामीण उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध होगा और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा मंत्रिपरिषद ने छत्तीसगढ़ कम्प्रेस्ड बायोगैस (CG-CBG) नीति-2026 को भी स्वीकृति दी है। इस नीति के तहत कृषि अवशेष कचरे और अन्य जैविक अपशिष्टों से कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) का उत्पादन किया जाएगा। सरकार के अनुसार राज्य में प्रतिवर्ष लगभग 5 लाख टन CBG उत्पादन की संभावना है। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बलौदा-बेलमुंडी क्षेत्र में हीरे मिलने की आधिकारिक पुष्टि हुई है। एनएमडीसी-सीएमडीसी लिमिटेड द्वारा किए गए सर्वेक्षण और परीक्षण के दौरान 200 टन बल्क सैंपल से 5 हीरे प्राप्त हुए हैं।हीरे मिलने की पुष्टि को राज्य के खनिज क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे छत्तीसगढ़ में खनिज संसाधनों के नए आयाम खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि महासमुंद में हीरे की खोज छत्तीसगढ़ के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इससे भविष्य में खनिज आधारित विकास को नई दिशा मिलेगी और क्षेत्र में निवेश तथा रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। राजधानी रायपुर में एक शिक्षिका के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार पीड़िता और आरोपी की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने शादी करने का वादा किया।पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी के झांसे का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।फिलहाल गंज थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।