बिलासपुर जिले में स्कूल के दिनों की छोटी सी बात को लेकर युवकों ने कई साल बाद एक मेडिकल छात्र के साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने छात्र को मिलने के बहाने बुलाया और जबरदस्ती कार में बैठाकर कोनी क्षेत्र ले गए। यहां करीब एक घंटे तक उसकी पिटाई करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि बचपन में आरोपियों में से एक ने छात्र की टोपी खींची थी जिसकी शिकायत उसने शिक्षक से कर दी थी। इसी बात की खुन्नस आरोपियों के मन में कई सालों से थी। पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र के गोड़ी गांव में गौरा-गौरी विसर्जन के दौरान मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विसर्जन के दौरान एक बच्ची को बाइक से चोट लगने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान मौके पर खड़ी छह बाइकों को गुस्साए ग्रामीणों ने आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज की है। इसके साथ ही बलवा का मामला भी दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक पक्ष के आठ लोगों को हिरासत में लिया है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर बीजेपी सांसद और मुख्य प्रवक्ता संतोष पाण्डेय ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी की तुलना दुर्योधन दुशासन या कंस से करना भी इन पात्रों का अपमान होगा। संतोष पाण्डेय ने कांग्रेस पर ‘चमचागिरी’ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष देवकांत बरुआ के पुराने बयान का भी जिक्र किया।संतोष पाण्डेय ने भूपेश बघेल द्वारा भगवान कृष्ण का उदाहरण दिए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नेताओं को राजनीतिक बयान देते समय सोच-समझकर अपनी बात रखनी चाहिए। बीजेपी सांसद ने कांग्रेस के पुराने शासनकाल और पाठ्यक्रम से जुड़े एक प्रसंग का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की विचारधारा पर भी निशाना साधा। राजधानी रायपुर में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 15 नवंबर को छठ पूजा का आयोजन होगा। खारुन नदी के महादेव घाट पर संध्या के समय भव्य महाआरती की जाएगी। वहीं नवा रायपुर अटल नगर के झांझ तालाब के किनारे भी छठ पर्व को भव्य तरीके से मनाने की तैयारी है। छठ पूजा समिति जिला प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से महादेव घाट समेत शहर के विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में जुटी है। समिति के उप प्रमुख कन्हैया सिंह ने प्रेस वार्ता कर तैयारियों की जानकारी दी। छठ सूर्य उपासना और आस्था का प्रमुख लोकपर्व है। चार दिवसीय इस पर्व में व्रती डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं। राजधानी में भी छठ को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर थमने के बाद अब ठंड का असर बढ़ने लगा है। प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और सुबह-रात के तापमान में गिरावट के चलते ठिठुरन महसूस होने लगी है। राजधानी रायपुर में दिन के समय धूप खिल रही है लेकिन सुबह और रात में लोग गर्म कपड़े कंबल और हीटर का सहारा ले रहे हैं। कई इलाकों में लोग अलाव तापते भी नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि तापमान में मामूली गिरावट का दौर जारी रह सकता है। फिलहाल प्रदेश में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। राजधानी रायपुर में 11 नवंबर को आसमान साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन में धूप और रात में ठंड का असर बना रहेगा।