Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
अंतर्राष्ट्रीय
11-Nov-2026

जबलपुर के गोहलपुर थानांतर्गत बधैया मोहल्ला में पुरानी रंजिश के चलते खूनी वारदात का सनसनीखेज मामला सामने आया है जहाँ बेखौफ दबंगों ने एक परिवार पर घर में घुसकर हमला कर दिया। पीड़ित मुकेश चौधरी के अनुसार आरोपियों ने पहले दिनदहाड़े उनकी पत्नी के साथ अभद्रता और मारपीट की। घटना के बाद जब पीड़ित परिवार विक्टोरिया अस्पताल से लौट रहा था तभी आरोपियों ने घात लगाकर पूरे परिवार पर धावा बोल दिया। बीच-बचाव करने आई मासूम बच्ची पर लोहे के कड़े से हमला किया गया जिससे उसकी नाक से खून बहने लगा वहीं मुकेश और उनके बड़े भाई लक्ष्मण पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। जबलपुर में नवयुवक कुचबंधिया समाज संघ के जिलाध्यक्ष संजय भैसवार के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचकर शिकायत पत्र सौंपा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 3 नवंबर 2026 को चुंगी चौकी कांचघर व्यापारी संघ के धरना-प्रदर्शन के दौरान पदाधिकारी जगन पिल्ले ने साउंड सिस्टम के जरिए पूरे कुचबंधिया समुदाय को सार्वजनिक रूप से अपराधी समाज कहकर संबोधित किया और ट्रेन में सामान बेचकर जीवन-यापन करने वाली महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियाँ कीं। शिकायत में स्पष्ट किया गया कि समाज में महुआ शराब का पारंपरिक व सांस्कृतिक जुड़ाव है लेकिन बड़े पैमाने पर अवैध व्यापार से समाज का कोई संबंध नहीं है। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि टेंडर प्रतिस्पर्धा की ईर्ष्या और पुरानी रंजिश के चलते दुर्भावनावश पूरे समुदाय की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है। संघ ने सार्वजनिक शांति भंग करने और समाज की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने वाले जगन पिल्ले एवं व्यापारी संघ के पदाधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और एट्रोसिटी एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जबलपुर के मेडिकल कॉलेज स्थित सर्वेंट क्वार्टर में बीती देर रात लगभग 1:30 बजे रफ्तार का कहर देखने को मिला जहाँ एक स्विफ्ट कार चालक ने अनियंत्रित होकर तीन से चार मकानों और बाहर खड़े वाहनों को टक्कर मारकर भारी नुकसान पहुँचाया। हादसे के वक्त सर्वेंट क्वार्टर में रहने वाला मेडिकल स्टाफ और उनके परिजन सो रहे थे तभी अचानक हुए धमाके जैसी आवाज सुनकर लोग दहशत में बाहर निकले और दुर्घटना का दृश्य देख हतप्रभ रह गए।टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान की दीवारें टूट गईं कई दीवारों में दरारें आ गईं और बाहर खड़े वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों ने डायल-112 और विद्युत विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने घटना का जायजा लेकर पीड़ितों को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए वहीं विद्युत विभाग की टीम ने सुरक्षा के लिहाज से लाइट फिटिंग काटकर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश में जुटी है। जबलपुर के घमापुर अंतर्गत रविदास नगर में दीपावली की रात पुरानी रंजिश के चलते हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के बाद क्षेत्र में तनाव और परिजनों का भारी आक्रोश देखने को मिला। चाकुओं के हमले में जान गंवाने वाले कार्तिक उर्फ बाबू चौधरी और करण पासी के परिजनों व स्थानीय लोगों ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और उनके मकान ढहाने की मांग को लेकर घमापुर चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब घंटों तक चले इस प्रदर्शन के कारण मार्ग पर आवागमन ठप रहा। मौके पर पहुँचे पुलिस प्रशासन के अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त किया और शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे ने बताया कि पुलिस मामले में 7 मुख्य आरोपियों और एक नाबालिग को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है वहीं फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जबलपुर के रांझी थाना अंतर्गत करौंदी वार्ड नंबर 7 में बीती रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने एक पुलिसकर्मी के घर को निशाना बनाते हुए जमकर उत्पात मचाया और उनके घर के बाहर लगे बिजली मीटर में आग लगा दी। पीड़ित परिजनों के अनुसार क्षेत्र में कुछ दबंग और आवारा किस्म के तत्व लगातार उत्पात मचा रहे हैं जो घरों पर पत्थरबाजी करने के साथ-साथ दरवाजों पर लात मारकर रहवासियों को प्रताड़ित कर रहे हैं। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है। घटना की शिकायत रांझी थाने में दर्ज कराई जा रही है और आक्रोशित रहवासियों ने पुलिस प्रशासन से तत्काल सख्त कदम उठाते हुए आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की पुरजोर मांग की है। जबलपुर के तिलवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत शास्त्री नगर इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब एक 34 वर्षीय युवक ने खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। सीएसपी आशीष जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान प्रयाग नायर के रूप में हुई है और शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना से कुछ देर पहले युवक का अपने परिजनों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था जिसके बाद यह खौफनाक कदम उठाया गया। पुलिस प्रशासन ने एफएसएल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की हर पहलू से गहन कानूनी जांच शुरू कर दी है। जबलपुर के रामपुर चौक स्थित प्रसिद्ध हीरा स्वीट्स से खरीदी गई मिठाई में छोटी-छोटी इल्लियां निकलने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार दीपावली के दिन अंकुर डागोर नामक युवक ने दुकान से मिठाई खरीदी थी जिसे घर जाकर खाने के लिए खोलने पर उसमें इल्लियां रेंगती हुई दिखाई दीं। ग्राहक द्वारा बनाया गया इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसने दुकान की साफ-सफाई और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। त्यौहारी सीजन में खाद्य विभाग की लगातार जांच और दावों के बावजूद नामचीन दुकान की मिठाई से इल्लियां मिलना जिले की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रहा है।