Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
06-Nov-2026

राज्य सरकार एक हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इसे लेकर सांसद संतोष पाण्डेय ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए इसे युवाओं के लिए बड़ी सौगात बताया है। संतोष पाण्डेय ने कहा कि सरकार जल्द ही एक हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं को बड़ा तोहफा दिया है। सांसद ने कहा कि अग्निवीर की सौगात के बाद छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए यह एक और बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। राजधानी रायपुर में हुई बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ रैली को लेकर PCC चीफ दीपक बैज ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी पूरी तरह बैकफुट पर है और वोट चोरी के खिलाफ अब जनता सड़कों पर उतर रही है। दीपक बैज ने दावा किया कि बीजेपी की रैली में मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान बड़ी संख्या में कुर्सियां खाली नजर आईं। उन्होंने इसे बीजेपी की रैली की असफलता बताते हुए कहा कि प्रदेश और देश की जनता बीजेपी के खिलाफ है। बैज ने सवाल उठाया कि जब देश के 80 फीसदी राज्यों में बीजेपी की सरकार है और केंद्र में भी बीजेपी की सरकार है तो लोकतंत्र बचाने के लिए बीजेपी को सड़क पर उतरने की जरूरत क्यों पड़ रही है। उन्होंने बीजेपी की रैली को ‘फ्लॉप शो’ बताते हुए इसे डैमेज कंट्रोल की कवायद करार दिया। रामलीला मैदान में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर सांसद संतोष पाण्डेय ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि रामलीला मैदान की सभा में बड़ी संख्या में कुर्सियां खाली नजर आईं। संतोष पाण्डेय ने तंज कसते हुए कहा कि सभा में मंच और कुर्सियां दोनों ही खाली थे। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान की तस्वीरों से कांग्रेस की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। सांसद संतोष पाण्डेय के बयान पर PCC चीफ दीपक बैज ने पलटवार किया है। दीपक बैज ने तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली की प्रदूषित हवा का असर शायद संतोष पाण्डेय पर पड़ा है इसलिए वे इस तरह की बातें कर रहे हैं। बैज ने बीजेपी के भीतर मुख्यमंत्री को हटाने के कथित षड्यंत्र का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पहले संतोष पाण्डेय को अपनी पार्टी के अंदर चल रही गतिविधियों पर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने एक कथित वायरल ऑडियो का जिक्र करते हुए बीजेपी में मुख्यमंत्री बदलने की चर्चा का दावा किया।दीपक बैज ने बीजेपी में कथित ‘हंटर’ का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी के भीतर क्या चल रहा है इसकी जानकारी कांग्रेस को भी है। उन्होंने संतोष पाण्डेय को नसीहत दी कि वे कांग्रेस को सिखाने के बजाय पहले अपनी पार्टी की स्थिति देखें। पूर्व कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय ने महतारी वंदन योजना को लेकर बीजेपी सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले बीजेपी ने प्रदेश की हर महिला को योजना का लाभ देने का वादा किया था और इसी भरोसे महिलाओं ने बीजेपी को वोट दिया।विकास उपाध्याय ने दावा किया कि 2024 में करीब 70 लाख 9 हजार महिलाओं को योजना का लाभ मिल रहा था जबकि नवंबर 2026 में यह संख्या घटकर करीब 67 लाख 40 हजार रह गई। उन्होंने सवाल किया कि करीब 2 लाख 69 हजार महिलाओं का नाम लाभार्थियों की सूची से क्यों कम हुआ और उन्हें राशि क्यों नहीं मिल रही है। उन्होंने यह भी पूछा कि पिछले दो वर्षों में 21 साल की हुई नई पात्र महिलाओं का योजना में पंजीयन कब होगा और उन्हें कब से लाभ मिलेगा। उपाध्याय ने कहा कि सरकार को विज्ञापन और प्रचार के बजाय महिलाओं के इन सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने योजना के तहत पहले लाभ पा चुकी महिलाओं से कथित वसूली को लेकर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।