जबलपुर। शहर के बेलखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत जबलपुर-भोपाल हाईवे पर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है जहाँ कार से कुचलकर एक युवक और युवती की हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान उड़ना गांव निवासी प्रशांत लोधी और गुबरा कला गांव निवासी जागृति महलोनिया के रूप में हुई है। दोहरा हत्याकांड की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया है।शुरुआती जांच और आशंका के मुताबिक वारदात की वजह प्रेम प्रसंग बताई जा रही है। माना जा रहा है कि प्रशांत के किसी परिचित ने ही रंजिश के तहत इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। घटना की सूचना मिलते ही बेलखेड़ा थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची और जांच शुरू की। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार को जब्त कर लिया है जबकि आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस टीम आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। जबलपुर। विजय नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कृषि उपज मंडी स्थित एक फर्टिलाइजर दुकान में क्रूरता और गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। चोरी के शक में दुकान संचालक और उसके साथियों ने मिलकर दुकान के ही एक कर्मचारी को घेरकर बेरहमी से पीटा। इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें आरोपी लाठी-डंडों और लात-घूंसों से युवक पर हमला करते साफ नजर आ रहे हैं।हैरानी की बात यह है कि जब पीड़ित कर्मचारी की मां अपने बेटे को बचाने पहुँची तो दबंगों ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर दुकानदार और मारपीट करने वाले के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जबलपुर। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार छात्र की मौत हो गई है। Asp ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सरस्वती घाट से अवैध रेत और पीली मिट्टी का परिवहन कर रहे एक तेज रफ्तार हाईवा ने कॉलेज परीक्षा देने जा रहे युवक को जोरदार टक्कर मार दी थी जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और परिजनों में भारी आक्रोश है। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि क्षेत्र में रातभर बिना नंबर प्लेट के हाईवा धड़ल्ले से अवैध उत्खनन और परिवहन कर रहे हैं जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने अब मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। जबलपुर। एसपी संपत उपाध्याय के निर्देशन में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रांझी और खमरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने वेस्टलैंड एरिया में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोनू उर्फ ललित चौहान से 77 क्वार्टर देशी-अंग्रेजी शराब कीमत 9 हजार 300 रुपए शनि रैकवार से 57 क्वार्टर व 9 बोतल शराब कीमत 15 हजार 500 रुपए और आरोपी प्रवीण बनाफर से 5 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। इसके साथ ही मौके पर मिला करीब 2000 लीटर महुआ लहन पुलिस ने नष्ट करा दिया। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। जबलपुर। दीपावली और आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में संचालित अस्थायी व स्थायी पटाखा दुकानों पर सुरक्षा इंतज़ाम पुख्ता करने की मांग को लेकर हिंदू धर्म सेना ने मोर्चा खोला है। संगठन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सभी पटाखा बिक्री केंद्रों का तत्काल सुरक्षा निरीक्षण कराने और अग्निशमन के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित करने की मांग की है।हिंदू धर्म सेना के राज्य अध्यक्ष नीरज राजपूत ने कहा कि पटाखे अत्यंत ज्वलनशील होते हैं ऐसे में थोड़ी सी भी लापरवाही भीषण हादसे का कारण बन सकती है। ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रत्येक पटाखा दुकान पर पानी की टंकी पाइप और चालू हालत में अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखे जाएं। इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति में फायर ब्रिगेड की आवाजाही के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित किया जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाली दुकानों के खिलाफ प्रशासन तुरंत सख्त कदम उठाए ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से शहरवासियों को सुरक्षित रखा जा सके।