जबलपुर: महाधिवक्ता कार्यालय द्वारा आयोजित भव्य अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे का स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आजादी के बाद देश के लोकतंत्र को जीवंत और मजबूत बनाए रखने में न्यायपालिका की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पुराने और अनुपयोगी कानूनों को समाप्त कर समयानुकूल नए कानून लागू किए गए हैं और अकेले मध्य प्रदेश में ही 900 से अधिक ऐसे पुराने कानून खत्म किए गए हैं। समारोह में अपने संबोधन में मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे ने कहा कि बार और बेंच न्याय प्रशासन के दो अहम स्तंभ हैं जिनका मुख्य उद्देश्य संविधान की रक्षा करना और नागरिकों को निष्पक्ष न्याय दिलाना है। उन्होंने महाधिवक्ता कार्यालय को एक विश्वविद्यालय के समान बताते हुए महाधिवक्ता प्रशांत सिंह के समन्वय कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह न्यायमूर्ति विवेक रुसिया महाधिवक्ता प्रशांत सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक और वरिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे। थाना रांझी पुलिस ने क्षेत्र के शांति नगर स्थित हनुमान मंदिर और जजेस कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर में हुई चोरी की घटनाओं का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने छुई खदान निवासी दीपक चौधरी और कांचघर निवासी प्रहलाद उर्फ राहुल मिश्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जिसके बाद दोनों आरोपियों ने मंदिरों में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मंदिरों से चोरी गए चांदी के 4 मुकुट 3 बड़े गंज पीतल के लोटे दीपक घंटी 2 साउंड बॉक्स और 1 एम्पलीफायर विधिवत जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी उमेश गोलहानी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। जबलपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कांग्रेस और तथाकथित ताकतों पर संवैधानिक संस्थाओं का मजाक उड़ाने और देश में अराजकता फैलाने का कड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रति हाथ में लेकर घूमने से कुछ नहीं होता बल्कि देश की संवैधानिक संस्थाओं का अपमान सीधे तौर पर भारत के संविधान का अपमान है जिसे देश प्रेमी कभी स्वीकार नहीं करेंगे। इस अराजकता के खिलाफ संदेश देने और संविधान व नैतिक मूल्यों के प्रति आस्था जताने के लिए आगामी 2 तारीख को जबलपुर की पावन धरा से एक विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि संस्कारधानी के प्रबुद्धजन युवा और आम नागरिक बड़ी संख्या में इस पदयात्रा का हिस्सा बनेंगे जिसमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री भी स्वयं पैदल चलेंगे। महाकौशल की इस पवित्र धरती से यह पदयात्रा देश विरोधी वातावरण बनाने वाली ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए यह स्पष्ट संदेश देगी कि देश में ऐसी अराजकता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जबलपुर के गोसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश के झांसी नारकोटिक विंग के साथ मिलकर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर में 871 किलो 95 ग्राम अवैध गांजा ले जा रहे दो तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया है। एसपी संपत उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोहतरा टोल के पास एनएच-30 पर घेराबंदी कर कंटेनर को पकड़ा जिसकी तलाशी लेने पर पेंट के डिब्बों के बीच छुपाकर रखी गई 28 बोरियों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अलीगढ़ उत्तर प्रदेश निवासी चालक धर्मवीर सिंह और पश्चिम बंगाल के बालुरघाट निवासी विक्रम करमाकर के रूप में हुई है जिन्होंने पूछताछ में विशाखापत्तनम व ओडिशा के तस्कर प्रभात साहू के इशारे पर गांजा परिवहन करना कबूल किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर करोड़ों रुपये का मादक पदार्थ पेंट के डिब्बे और परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर जब्त कर लिया है और आगे की पूछताछ जारी है।