जबलपुर : जबलपुर से ठगी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहाँ खुद को पत्रकार बताने वाले एक शातिर ठग अंकित श्रीवास्तव ने 8 लोगों की मजबूरियों का फायदा उठाकर उनसे करीब 24 लाख रुपये ऐंठ लिए। आरोपी ने किसी को हाईकोर्ट में बाबू तो किसी को ग्राम सचिव बैंक सिक्योरिटी गार्ड और हेल्पर की पक्की नौकरी दिलाने का झांसा दिया था।इस हाई-प्रोफाइल ठगी का भांडाफोड़ तब हुआ जब पीड़िता धनदेवी शर्मा ने अपने 3 लाख रुपये डूबने की शिकायत विजयनगर थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने जब मामले के धागे सुलझाना शुरू किए तो एक-एक कर 7 और पीड़ित सामने आ गए! एडिशनल एसपी आयुष जाखड़ के मुताबिक सभी शिकायतों को जोड़कर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। खाकी के शिकंजे में आते ही कथित पत्रकार ने अपना सारा पाप कबूल कर लिया है। पुलिस अब उसका पुराना आपराधिक चिट्ठा खंगाल रही है ताकि इस ठग को उसके अंजाम तक पहुँचाया जा सके! जबलपुर: रांझी थाना क्षेत्र स्थित मेजर किराना स्टोर के पीछे बीती देर रात खूनी वारदात सामने आई है जहाँ मामूली कहासुनी में दो युवकों ने अपने ही दोस्त अंशु चौधरी पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में हड़कंप मच गया और अंशु लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया जहाँ हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही रांझी पुलिस बल मौके पर पहुँचा और साक्ष्य जुटाए। पुलिस शुरुआती जाँच में इस बात का पता लगा रही है कि यह विवाद किसी तात्कालिक कहासुनी का नतीजा था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और पुलिस की टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजकर हमले की असली वजह का खुलासा किया जाएगा। जे.पी. मेमोरियल रोड स्थित गणेश पंडाल के पास एक शटर के भीतर पैसों का दांव लगाकर ताशपत्ती से जुआ खेल रहे 11 लोगों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल बल भेजकर इस अवैध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई की जिसमें आरोपियों के पास से दो ताश की गड्डियां और लगभग 6700 रुपये नकद बरामद किए गए। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गणेशोत्सव के दौरान इस तरह की अवैध गतिविधियों या समय पास के नाम पर जुए का खेल खेलने वालों को बिल्कुल भी बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार किए गए लोगों में कुछ ऐसे शातिर भी शामिल हैं जिन पर पहले से मारपीट और शराबखोरी जैसे पुराने अपराध दर्ज हैं। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से जुआरियों में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक आयोजनों की आड़ में कानून तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसा ही अभियान जारी रहेगा। जबलपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के पावन अवसर पर संस्कारधानी जबलपुर में महीने भर चलने वाले सेवा कार्यों की भव्य शुरुआत हुई। गुरुवार शाम ग्वारीघाट स्थित मां नर्मदा के तट पर श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने एक लाख 11 हजार दीये जलाकर मां नर्मदा का दिव्य श्रृंगार किया। दीपों की जगमगाहट के बीच सभी ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु स्वस्थ जीवन और राष्ट्र सेवा के संकल्प की प्रार्थना की। इसी के साथ रक्तदान और समाजसेवा के विभिन्न अभियानों का भी आगाज़ किया गया।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने प्रधानमंत्री के जीवन संघर्ष और दूरदर्शी नेतृत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक प्रचारक के रूप में साइकिल से देश भ्रमण करने से लेकर गुजरात भूकंप के बाद हुए पुनर्निर्माण और प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए गरीब कल्याण की योजनाओं तक नरेंद्र मोदी का हर कदम समाज सेवा को समर्पित रहा है। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि पीएम मोदी के सेवा भाव को आगे बढ़ाते हुए यह सेवा संकल्प अभियान लगभग एक महीने तक लगातार चलाया जाएगा जिसके तहत शहर भर में जरूरतमंदों की मदद और जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित होंगी। जबलपुर: बरेला थाना क्षेत्र के गौर चौकी अंतर्गत ग्राम उमरिया में उस वक्त हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों को इलाके में एक रहस्यमयी नरकंकाल पड़ा मिला। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। अनहोनी की आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही गौर चौकी प्रभारी पुलिस बल और एफएसएल की फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे इलाके को सील कर बारीकी से साक्ष्य जुटाए। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की शुरुआती जांच में कंकाल की हड्डियों में पैंट फंसा मिला जिससे यह स्पष्ट हो गया कि यह किसी इंसान का ही कंकाल है। हालांकि पहचान मिट जाने के कारण फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि कंकाल कितना पुराना है और मृतक महिला थी या पुरुष। फिलहाल पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदा लोगों का रिकॉर्ड खंगाल कर मामले की जांच में जुटी है। जबलपुर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर में आयोजित अमर शहीद राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस समारोह में शिरकत करते हुए कहा कि दोनों महानायकों ने सनातन संस्कृति स्वधर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दे दी। 1857 की क्रांति से पहले राजा शंकर शाह की लेखनी और कविताओं ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जो अलख जगाई उसने ब्रिटिश शासन की नींव हिला दी थी। अंग्रेजों की गुलामी और धर्म परिवर्तन की शर्त को ठुकरा कर रानी दुर्गावती के इन वंशजों ने तोप के सामने खड़े होकर शहादत चुन ली। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जनजातीय महानायकों के गौरवशाली इतिहास को सहेजने के लिए उनके जीवन पर फिल्में तैयार की जा रही हैं और उनके प्रेरक प्रसंगों को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कैंसर और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए नमो प्रेरणा अभियान का शुभारंभ किया जिसके तहत स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन के प्रयासों को रेखांकित किया। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह ने भी विचार व्यक्त करते हुए बताया कि आगामी 5 अक्टूबर को वीरांगना रानी दुर्गावती की जयंती पर उनके 52 गढ़ों के वंशजों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित रक्तदान शिविर में पहुँचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन भी किया। समारोह में सांसद विधायक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।