रणवीर सिंह ने 1000 बेटियों की पढ़ाई का लिया संकल्प अभिनेता रणवीर सिंह ने मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा पंडाल में पहुंचकर गणपति बप्पा के दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 1000 बेटियों की शिक्षा में सहयोग करने का संकल्प लिया। रणवीर ने कहा कि वे बप्पा का आशीर्वाद लेकर आगे के जीवन और कार्यों के लिए प्रेरणा प्राप्त करना चाहते हैं। उनके इस कदम की सोशल मीडिया पर भी चर्चा हो रही है। अंबानी परिवार के गणेशोत्सव में पहुंचे शाहरुख और रणवीर मुंबई स्थित अंबानी परिवार के घर ‘एंटीलिया’ में आयोजित गणेशोत्सव में बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान और रणवीर सिंह शामिल हुए। दोनों कलाकारों ने नीता अंबानी के साथ गणपति बप्पा की आरती की और पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया। इस दौरान रणवीर सफेद कुर्ता-पायजामा में नजर आए जबकि शाहरुख सफेद शर्ट और ब्लैक ट्राउजर में दिखाई दिए। समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सलमान खान ने बच्चे से मिलाया हाथ अभिनेता सलमान खान महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और भाजपा नेता आशीष शेलार के मुंबई स्थित आवास पर गणपति बप्पा के दर्शन करने पहुंचे थे। कार्यक्रम से बाहर निकलते समय भीड़ के दौरान एक बच्चे को गलती से बॉडीगार्ड का धक्का लग गया। सलमान ने यह देखा तो तुरंत बच्चे के पास पहुंचे और उससे हाथ मिलाकर उसका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने लोगों से रास्ता साफ रखने का भी आग्रह किया। सोनू निगम ने वायरल वीडियो पर दी सफाई गायक सोनू निगम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें वे अभिनेता सलमान खान की गायकी का मजाक उड़ाते नजर आ रहे थे। विवाद बढ़ने के बाद सोनू निगम ने इंस्टाग्राम पर सफाई देते हुए कहा कि यह वीडियो एडिट किया गया है। उन्होंने बताया कि असल में वे एक पाकिस्तानी बच्ची की गायकी से भावुक होकर रो पड़े थे और किसी का मजाक नहीं उड़ा रहे थे।