मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ट्रांसफर करेंगे लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार 13 सितंबर को आगर मालवा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की सितंबर माह की 40वीं किस्त का अंतरण करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1835 करोड़ 09 लाख 22 हजार 450 रुपये की मासिक आर्थिक सहायता सीधे अंतरित की जाएगी। सितंबर की किस्त के साथ ही योजना के प्रारंभ से अब तक महिलाओं को नियमित मासिक सहायता के रूप में अंतरित राशि 65395.99 करोड़ रुपये हो जाएगी। केंद्रीय श्रम एवं रोज़गार एवं युवा कार्य खेल मंत्री मांडविया से भेंट मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया से सौजन्य भेंट की। इस अवसरपर मध्यप्रदेश के विकास रोजगार सृजन युवाओं के कौशल विकास तथा प्रदेश में रोजगार के नए अवसरों के विस्तार से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश में युवाओं के कौशल विकास और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। साथ ही प्रदेश के युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराने और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सहयोग से रोजगार एवं कौशल विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया। जहरीली शराब से मौतों की जांच के लिए आयोग गठित सागर जिले के बंडा तहसील में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले में राज्य शासन ने एक सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग का गठन कर दिया है।हाई कोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस विष्णु प्रताप सिंह चौहान की अध्यक्षता में जांच आयोग इस पूरे मामले की पड़ताल करके शासन को रिपोर्ट सौंपेगा। आयोग तीन माह में अपनी जांच रिपोर्ट देगा। जांच के लिए तीन बिन्दु तय किए गए हैं और आयोग का मुख्यालय सागर रखा गया है। दीपके बोले- सरकार आदिवासी बच्चों की मौत की जिम्मेदार कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके शनिवार को बालाघाट पहुंचे। वे उन गांवों का दौरा करेंगे जहां बीते महीनों में 30 से ज्यादा आदिवासी बच्चों की मौतें हुई हैं।दीपके ने कहा कि आदिवासी बच्चे जिस तरह से लगातार बीमार हो रहे हैं उससे साफ है कि उनकी बहुत अनदेखी हुई है। उन्हें बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं।टीकाकरण और पीने का साफ पानी नहीं मिल रहा है इसके कारण वे झीरिया का पानी पीने को मजबूर हैं। हम यहां बड़ा आंदोलन करेंगे। कार बनी आग का गोला अंदर फंसा ड्राइवर इंदौर के चोइथराम चौराहे पर शनिवार दोपहर चलती कार में अचानक आग लग गई। गेट लॉक होने और विंडो के कांच नहीं खुलने से ड्राइवर रुपेश यादव करीब 1 से डेढ़ मिनट तक अंदर फंसा रहा। ट्रैफिक पुलिस जवानों ने कांच तोड़कर उसे बाहर निकाला। आग में वह करीब 60% झुलस गया। गंभीर हालत में पुलिसकर्मी रुपेश को लोडिंग रिक्शा से चोइथराम अस्पताल लेकर पहुंचे। रास्ते में उसे CPR भी दिया गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। शुरुआती तौर पर कार में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। ट्रक ने 200 भेड़ों को रौंदा 34 की मौत रतलाम के जावरा में महू-नीमच फोरलेन पर एक ट्रक ने 200 भेड़ों के झुंड को रौंद दिया। हादसे में 34 भेड़ों की मौत हो गई। 15 घायल हैं। उनके साथ जा रहा एक व्यक्ति भी घायल हुआ उसका उपचार कराया गया है।घटना होते ही राजस्थान पासिंग आयशर ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग गया। हादसा दिन के करीब 4 बजे का है। भारत पैलेस होटल से आगे फूड गार्डन के सामने हुआ। ट्रक जावरा की तरफ से आ रहा था।दरअसल राजस्थान के कुछ लोगों ने अपनी भेड़ों के साथ जावरा के ढोढर चौकी क्षेत्र में डेरा डाल रखा है। सूचना पर ढोढर चौकी से एएसआई अशोक चौहान समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। थाना प्रभारी का रिश्वत लेते हुए VIDEO का दावा मुरैना जिले के रामपुरकलां थाने से जुड़ा एक कथित वीडियो सामने आया है। वीडियो में थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा थाने के पीछे एकांत स्थान पर एक व्यक्ति से रुपए लेते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद थाना प्रभारी पर रिश्वत लेने के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि थाना प्रभारी ने इसे एक साल पहले का बताया है।