Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राष्ट्रीय
02-Sep-2026

जबलपुर। झगरा रिंग रोड के पास एक क्रेन की टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता मंजू बसोर अपने पति आकाश बसोर और बच्चों के साथ बाइक से मायके से ससुराल लौट रही थी। झगरा रिंग रोड पर पहुँचते ही उनकी बाइक क्रेन की चपेट में आ गई जिससे मंजू सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गई। एएसपी सूर्यकांत शर्मा के अनुसार हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से महिला को पहले बेलखाडू अस्पताल ले जाया गया जहाँ से गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की और क्रेन तथा दुर्घटना की परिस्थितियों के आधार पर मामले की जांच व वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जबलपुर। सैनिक सोसाइटी साकार हिल्स निवासी वरुण नायर अपनी 72 वर्षीय वृद्ध मां ऊषा नायर के साथ जनसुनवाई में कलेक्टर कार्यालय पहुँचे और एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। वरुण के अनुसार उनके छोटे भाई रवि नायर के खिलाफ भरण-पोषण का मामला करीब सवा दो साल से एसडीएम कोर्ट में लंबित था जहाँ आदेश पत्र लंबे समय तक खाली रखने के बाद अचानक अंतिम आदेश पारित कर दिया गया।पीड़ित परिवार ने एसडीएम के इस फैसले के खिलाफ कलेक्टर कोर्ट में अपील दायर की है। उनका आरोप है कि कलेक्टर कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद एसडीएम कार्यालय से मामले की मूल फाइल नहीं भेजी जा रही है साथ ही आरटीआई और प्रमाणित प्रति के आवेदनों को भी अटका कर रखा गया है। पीड़ितों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। जबलपुर। जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 और 6 पर पार्किंग के नाम से अवैध वसूली का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। सवारी के उतरते ही स्टैंड कर्मी चारों तरफ से घेरकर जबरन शुल्क वसूलने लगते हैं जिससे रेल मुसाफिरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार शिकायतों के बावजूद रेल प्रशासन महज छोटे-मोटे जुर्माने लगाकर औपचारिकता निभा रहा है। हाल ही में इस अवैध वसूली का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है जिसने स्टेशन सुरक्षा और व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी है। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म नंबर-1 की तरफ जाने वाले मुख्य मार्ग पर बैरिकेड्स लगाकर उसे बंद कर दिया गया है। वर्तमान में केवल दो ही रास्ते खुले होने के कारण पैदल आने-जाने वाले यात्रियों और राहगीरों को भारी दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। सब कुछ सामने होने और वीडियो वायरल होने के बाद भी ज़िम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं जिससे रेल यात्रियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। जबलपुर। अधारताल क्षेत्र स्थित गोल्डन ब्रायलर दुकान पर मरे हुए मुर्गे बेचने और क्षेत्र में गंदगी फैलाने का आरोप लगाते हुए हिंदू संगठनों ने पुलिस अधीक्षक के नाम अधारताल थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा है। संगठन के पदाधिकारियों का दावा है कि रक्षाबंधन की शाम मरे हुए मुर्गों से भरा एक ट्रक दुकान पर पहुँचा था जिन्हें काटकर बेचने की तैयारी की जा रही थी। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाए जाने की बात कही गई है।ज्ञापन में शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि इस मामले की शिकायत करने के बाद से ही उन पर वीडियो डिलीट करने और केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। विरोध करने पर उन्हें झूठे मामलों में फंसाने और संगठन पर अवैध चंदा वसूली के अनर्गल आरोप लगाने की धमकियाँ दी जा रही हैं। हिंदू संगठनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।