शेयर बाजार में गिरावट शेयर बाजार में आज यानी 31 अगस्त को गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 300 अंक टूटकर 76950 के स्तर पर कारोबार कर रहा है जबकि निफ्टी में करीब 150 अंकों की गिरावट है और यह 24050 के आसपास बना हुआ है। बाजार में मेटल IT और मीडिया सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिल रही है। निवेशकों की सतर्कता के बीच प्रमुख इंडेक्स दबाव में कारोबार कर रहे हैं। अगले साल इंसानों से आगे निकल सकता है AI दिग्गज कारोबारी एलॉन मस्क ने दावा किया है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अगले साल के अंत तक डिजिटल कामों में इंसानों से ज्यादा सक्षम हो सकता है। मस्क के मुताबिक AI कंप्यूटर और इंटरनेट से जुड़े कई काम बेहद तेजी से कर सकेगा। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि AI की यह क्षमता फिलहाल डिजिटल दुनिया तक सीमित रहेगी। फैक्ट्री में उत्पादन या घर बनाने जैसे शारीरिक कामों में AI अभी इंसानों की जगह नहीं ले पाएगा। मस्क ने इंटरनेट और साइबर हैकिंग के क्षेत्र में AI के बढ़ते खतरे को लेकर भी चिंता जताई है। IITian की कंपनी ला रही 680 करोड़ का IPO IIT बॉम्बे से पढ़ाई करने वाले और डॉयचे बैंक में काम कर चुके अभिषेक ‘मोंटी’ अग्रवाल की कंपनी पर्पल स्टाइल लैब्स करीब 680 करोड़ रुपये का IPO लेकर आई है। कंपनी का इश्यू आज यानी 31 अगस्त से खुल गया है। खास बात यह है कि कंपनी में शाहरुख खान सलमान खान सचिन तेंदुलकर और माधुरी दीक्षित जैसी हस्तियों का निवेश बताया गया है। एयरोस्पेस इंजीनियरिंग से शुरुआत करने वाले अभिषेक अग्रवाल ने मुंबई में फैशन कारोबार खड़ा किया और कंपनी को करीब 4600 करोड़ रुपये के साम्राज्य तक पहुंचाया। पेट्रोल पंपों पर एथेनॉल प्रतिशत बताने की याचिका खारिज सुप्रीम कोर्ट ने पेट्रोल पंपों के नोजल पर पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा लिखने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है। 31 अगस्त को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने याचिकाकर्ता को संबंधित सक्षम अथॉरिटी के पास जाने को कहा। याचिका में E20 ईंधन को लेकर पुरानी गाड़ियों में खराबी की आशंका और उपभोक्ताओं को पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा की जानकारी देने की मांग उठाई गई थी। कोर्ट ने इस मामले में सीधे हस्तक्षेप करने के बजाय सक्षम प्राधिकरण से संपर्क करने का निर्देश दिया।