Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
ट्रेंडिंग
31-Aug-2026

जबलपुर। मंडला जिले के नारायणगंज निवासी भोलेनाथ नाम का युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया है। पीड़ित की फेसबुक पर कंचन साहू नाम की युवती से बातचीत हुई जिसने शादी का झांसा देकर और चिकनी-चुपड़ी बातों में उलझाकर फोनपे के जरिए उससे लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।मामले की जानकारी देते हुए एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि पीड़ित का आवेदन प्राप्त कर जांच के लिए मामला साइबर सेल को भेज दिया गया है। ऑनलाइन शादी का प्रलोभन देकर ठगी करने वाली आरोपी लड़की और उसके सहयोगियों की तलाश साइबर सेल की मदद से की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जबलपुर। कुंडम क्षेत्र के ग्राम कन्वारा निवासी पीड़िता वीरा बाई और हीरा बाई ने अपनी ही बहन व भांजे पर धोखे से दस्तखत करवाकर जमीन हड़पने की नीयत से फर्जी कोर्ट केस दायर करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ितों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगाई है। मामले की जानकारी देते हुए एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि प्राप्त शिकायत को आगे की कार्रवाई के लिए टीआई ओमती के पास भेज दिया गया है। पुलिस जल्द ही दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर दस्तावेजों की जांच करेगी। यदि जांच में बिना सहमति दस्तखत करवाने या धोखाधड़ी की पुष्टि होती है तो आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जबलपुर। 31 अगस्त को जबलपुर के महर्षि अरविंद वार्ड कंजर मोहल्ला में मध्य प्रदेश शासन के विमुक्त घुमंतू एवं अर्धघुमंतू कल्याण विभाग के तत्वावधान में विमुक्ति दिवस समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। वक्ताओं ने बताया कि ब्रिटिश काल के 1871 वाले क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट से विमुक्त समुदाय को 31 अगस्त 1952 को मुक्ति मिली थी। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ना और शासकीय योजनाओं की जानकारी देना रहा।ध्वजारोहण के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक व अन्य उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं स्थानीय पार्षद अंजू अनीता जाट पूर्व पार्षद सत्यवीर जाट और जाट एकता मंच के सहयोग से जरूरतमंदों को छाते एवं रेनकोट वितरित किए गए। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आयोग के पूर्व अध्यक्ष कैलाश जाटव कलेक्ट्रेट से आशीष दीक्षित समाज के वरिष्ठ जन और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। जबलपुर। मध्य प्रदेश पुलिस की महिला आरक्षक वर्षा पटेल ने यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एल्ब्रस पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर भारत का तिरंगा और मप्र पुलिस का झंडा फहराया है। 21 अगस्त को यह उपलब्धि हासिल करने के साथ ही वे यह कीर्तिमान रचने वाली मप्र पुलिस की पहली महिला आरक्षक बन गई हैं। इससे पहले वर्षा ने 15 अगस्त 2024 को ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट कोजिअस्को पर भी फतह हासिल की थी।वर्षा पटेल के जबलपुर पहुँचने पर एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और इस ऐतिहासिक सफलता पर मुबारकबाद दी। वर्षा ने बताया कि इस मुकाम तक पहुँचने के लिए उन्होंने दो साल तक कड़ा अभ्यास किया। तैयारी के दौरान दुर्घटना में लिगामेंट टूटने पर उनकी दो बार सर्जरी हुई लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और दोबारा शून्य से शुरुआत की। अपनी सफलता का श्रेय परिवार और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को देने वाली वर्षा का अगला लक्ष्य दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को फतह करना है। गढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी बजरिया इलाके में दुर्गा मंदिर के सामने रात करीब 8 बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट की दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। घर के बाहर खड़े होकर मोबाइल पर बात कर रही युवती शिवांगी वर्मा को बदमाशों ने अचानक जोरदार धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और उनके हाथ से मोबाइल छीनकर तेजी से फरार हो गए। अचानक हुए इस हमले से मौके पर हड़कंप मच गया।यह पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है जिसका फुटेज भी सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। पुलिस फुटेज के आधार पर बाइक सवार तीनों बदमाशों की पहचान करने में जुटी है और उनका दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।