सैफ अली खान पर हमले के आरोपी ने जुर्म कबूला अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम ने अदालत में अपना अपराध स्वीकार करने की अर्जी दायर की है। आरोपी ने कोर्ट से नरमी बरतने की अपील भी की है। उसके वकील ने इसकी पुष्टि की है। अदालत ने अभियोजन पक्ष से जवाब मांगा है और मामले की सुनवाई 11 सितंबर तक टाल दी है। 16 जनवरी 2025 की रात सैफ के घर में घुसे आरोपी ने उन पर हमला किया था। घटना के दो दिन बाद शरीफुल इस्लाम को गिरफ्तार किया गया था। उस पर लूटपाट गंभीर चोट पहुंचाने और घर में जबरन घुसने समेत BNS की संबंधित धाराओं में आरोप तय किए गए हैं। सुनील लहरी ने कृति सेनन के विज्ञापन के बहिष्कार का समर्थन किया ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने कृति सेनन के रक्षाबंधन से जुड़े विवादित विज्ञापन के बहिष्कार का समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि हमारे त्योहारों के साथ भावनाएं रिश्ते और संस्कार जुड़े होते हैं इसलिए उनका सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। सुनील लहरी ने कहा कि रक्षाबंधन के विज्ञापन के बहिष्कार को वह सम्मान की नजर से देखते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पुरुषों की मर्दानगी महिलाओं की रक्षा और सम्मान करने में है न कि उन्हें नुकसान पहुंचाने में। कंगना रनोट और बाबा रामदेव के बीच विवाद खत्म बाबा रामदेव और बीजेपी सांसद-अभिनेत्री कंगना रनोट के बीच पिछले दिनों चल रहा विवाद अब खत्म हो गया है। रक्षाबंधन के मौके पर दोनों के बीच सुलह की कोशिश की गई। बाबा रामदेव के प्रवक्ता एस.के. तिजारावाला कंगना के दिल्ली स्थित आवास पर मिठाई और तोहफे लेकर पहुंचे। इसके बाद फोन पर दोनों की बातचीत भी कराई गई। बताया गया कि दोनों ने सार्वजनिक तौर पर एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी नहीं करने पर सहमति जताई है। सुलह के बाद कंगना ने बाबा रामदेव के लिए राखी भी भिजवाई। एआर रहमान के गाने ने मुश्किल दौर में संभाला: अभय वर्मा अभिनेता अभय वर्मा अपने करियर के नए पड़ाव को लेकर काफी उत्साहित हैं। फिल्म ‘लईकी लईका’ में वह राशा थडानी के साथ नजर आएंगे जिसे वह एक अलग तरह की लव स्टोरी बताते हैं। वहीं ‘दिलकशी’ में हंसल मेहता और लिजो जोस पेल्लीसेरी जैसे दिग्गजों के साथ काम करना उनके लिए खास अनुभव है। अभय ने बताया कि ए.आर. रहमान का संगीत मिलना उनके लिए सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने कहा कि अब उनके अंदर और बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की भूख बढ़ गई है। ‘राखी फैशन कमेटी’ पर कृति सेनन का मजेदार जवाब रक्षाबंधन के मौके पर कृति सेनन ने बहन नूपुर सेनन के साथ तस्वीर शेयर कर सोशल मीडिया पर चल रही ‘राखी फैशन कमेटी’ की चर्चा का मजेदार अंदाज में जवाब दिया। कृति ने त्योहार की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि रक्षाबंधन का असली मतलब रिश्तों और भावनाओं में है। इस मौके पर बॉलीवुड के कई सितारों ने भी अपने भाई-बहनों के साथ तस्वीरें शेयर कीं और सोशल मीडिया पर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। कंगना रनोट और रणबीर कपूर समेत कई कलाकारों ने भी परिवार के साथ त्योहार मनाया।