शेयर बाजार में गिरावट शेयर बाजार में आज यानी 18 अगस्त को गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 400 अंक टूटकर 77300 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी भी करीब 100 अंक की गिरावट के साथ 24200 के आसपास है। बाजार में रियल्टी और IT शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखी जा रही है। निवेशकों की नजर अब बाजार की आगे की दिशा और वैश्विक संकेतों पर बनी हुई है। मिल्की मिस्ट फूड डायरी की शानदार लिस्टिंग मिल्की मिस्ट फूड डायरी के शेयर की शेयर बाजार में शानदार लिस्टिंग हुई है। कंपनी का शेयर NSE और BSE पर 18 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 165 रुपये पर लिस्ट हुआ। कंपनी का IPO प्राइस 140 रुपये था। इस हिसाब से IPO में शेयर पाने वाले निवेशकों को लिस्टिंग के साथ ही करीब 18 प्रतिशत का फायदा हुआ। एयरटेल पेमेंट्स बैंक की नई चेयरपर्सन होंगी शबनम सिन्हा एयरटेल पेमेंट्स बैंक में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। डॉ. शबनम सिन्हा 1 अक्टूबर 2026 से बैंक की नई चेयरपर्सन का पद संभालेंगी। वह सुनील भारती मित्तल की जगह लेंगी। मित्तल 30 सितंबर को करीब 10 साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद बोर्ड से हट जाएंगे। शबनम सिन्हा के पास बैंकिंग गवर्नेंस और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन का 30 साल से ज्यादा का वैश्विक अनुभव है। उन्होंने 2010 से 2025 तक वर्ल्ड बैंक में लीड स्पेशलिस्ट के तौर पर काम किया और एशिया यूरोप और अफ्रीका में 4 अरब डॉलर से ज्यादा के प्रोजेक्ट्स संभाले। अमिताभ बच्चन की करोड़ों की रियल एस्टेट डील बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने मुंबई के रियल एस्टेट मार्केट में एक बड़ी लीज डील की है। उन्होंने अंधेरी वेस्ट की सिग्नेचर बिल्डिंग में अपनी तीन मंजिलें पांच साल के लिए किराए पर दी हैं। इस डील से उन्हें हर महीने करीब 33 लाख रुपये किराया मिलेगा। पांच साल की पूरी लीज अवधि में उनकी कुल कमाई करीब 21.88 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह प्रॉपर्टी एक न्यूट्रिशन ब्रांड को लीज पर दी गई है। LPG ई-KYC की डेडलाइन बढ़ी LPG ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। गैस सिलेंडर की ई-KYC कराने की आखिरी तारीख 16 अगस्त से बढ़ाकर 23 अगस्त कर दी गई है। हालांकि सर्वर और मोबाइल ऐप में तकनीकी दिक्कतों के कारण ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई गैस एजेंसियों पर ई-KYC कराने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं। काउंटर पर काम प्रभावित होने से लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। बैंकिंग सुधारों के लिए बनेगी हाईलेवल कमेटी देश के बैंकिंग सेक्टर में बड़े सुधारों की तैयारी है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि सरकार जल्द ही बैंकिंग सेक्टर में सुधारों के लिए हाईलेवल कमेटी का गठन करेगी। यह घोषणा नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय PSB कॉन्फ्लुएंस 2026 के पहले दिन की गई। बताया जा रहा है कि कमेटी का गठन इसी महीने किया जा सकता है। इसका उद्देश्य बैंकिंग सेक्टर को देश के आर्थिक विकास और विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप तैयार करना और उसकी समीक्षा करना है। इस कमेटी का प्रस्ताव बजट 2026-27 में रखा गया था।