कंगना रनोट ने नसीरुद्दीन शाह को कहा ‘लोमड़ी’ अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनोट ने वरिष्ठ अभिनेता नसीरुद्दीन शाह पर निशाना साधा है। कंगना ने सोशल मीडिया पोस्ट में नसीरुद्दीन शाह को ‘लोमड़ी’ बताते हुए आरोप लगाया कि वे देश में रहकर यहां का खाते हैं लेकिन पड़ोसी देश के लिए आवाज उठाते हैं। यह विवाद छात्रों के प्रदर्शन को लेकर बॉलीवुड कलाकारों की चुप्पी से शुरू हुआ था। नसीरुद्दीन शाह ने चुप रहने वाले कलाकारों की तुलना मुंह में हड्डी दबाए कुत्ते से की थी। इसके बाद पीयूष मिश्रा ने झारखंड में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा उठाते हुए नसीरुद्दीन से सवाल किया था। कंगना ने पीयूष मिश्रा के बयान का समर्थन किया है। राकेश बेदी संभालेंगे आरसीएल सुपरस्टार्स-11 की कप्तानी अभिनेता राकेश बेदी अब फिल्मों के साथ क्रिकेट के मैदान पर भी नजर आएंगे। रेस्तरां क्रिकेट लीग यानी आरसीएल सीजन-4 का ऐलान सितारों की मौजूदगी में किया गया। इस सीजन में राकेश बेदी आरसीएल सुपरस्टार्स-11 की कप्तानी संभालेंगे। खास बात यह है कि इस लीग का मकसद सिर्फ क्रिकेट और मनोरंजन तक सीमित नहीं है। आयोजन के जरिए जरूरतमंद लोगों की मदद और भूख के खिलाफ जागरूकता फैलाने की पहल की जा रही है। यानी मैदान पर लगाए गए हर रन को सामाजिक सरोकार से जोड़ा गया है। हनी सिंह ने बादशाह को कहा ‘नालायक औलाद’ रैपर बादशाह और यो यो हनी सिंह के बीच पुराना विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। समय रैना के शो में बादशाह से उनके स्टेज नाम को लेकर सवाल किया गया जिस पर उन्होंने कहा कि यह नाम उन्होंने खुद चुना था। इसके बाद बादशाह का एक पुराना वीडियो वायरल हुआ जिसमें वह इस नाम का क्रेडिट हनी सिंह को देते नजर आए थे। हनी सिंह ने वीडियो शेयर करते हुए बादशाह पर तंज कसा और उन्हें ‘नालायक औलाद’ कह दिया। इसके बाद दोनों रैपर्स का पुराना विवाद फिर चर्चा में आ गया है। तंजानिया के फाजेल ने हरियाणवी गाना गाकर जीते 1 लाख रुपये तंजानिया से हरियाणा पढ़ाई करने आए फधिली अली पाजी उर्फ फाजेल अपनी गायकी को लेकर सुर्खियों में हैं। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से म्यूजिक की पढ़ाई कर रहे फाजेल ने समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के बोनस एपिसोड में हरियाणवी पंजाबी और मराठी गाने गाकर जजों को प्रभावित किया। उन्होंने हरियाणवी गाना ‘बैरण’ और पंजाबी गाना ‘सजन राजी हो जावे’ सुनाया। शानदार प्रदर्शन के लिए सभी जजों ने उन्हें 10-10 नंबर दिए और फाजेल शो के विजेता बने। उन्हें 1 लाख रुपये का कैश प्राइज मिला। रैपर बादशाह ने भी उनकी तारीफ करते हुए उन्हें हरियाणा की ‘37वीं बिरादरी’ बताया।