कश्मीरी पंडित कर्मियों को धमकी के बाद वर्क फ्रॉम होम के आदेश कश्मीर में दो प्रवासी मजदूरों और एक पुलिस जवान की हत्या के बाद कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को आतंकी धमकी मिली है। ऑनलाइन जारी पत्र में कई कर्मचारियों के नाम और फोन नंबर दिए गए हैं। उन्हें कश्मीर न लौटने की चेतावनी दी गई है।धमकी के बाद सरकार ने कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को 25 अगस्त तक वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी है। पत्र में जिन 6 कर्मचारियों के नाम हैं उन्हें जम्मू भेज दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पता लगा रही हैं कि आतंकियों तक कर्मचारियों की जानकारी कैसे पहुंची। धमकी यूनाइटेड लिबरेशन काउंसिल के नाम से दी गई है जिसे खुफिया एजेंसियां लश्कर का मुखौटा संगठन मानती हैं। इंडिगो फ्लाइट के इंजन में खराबी चेन्नई में इमरजेंसी लैंडिंग चेन्नई एयरपोर्ट पर मंगलवार देर रात एक इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिग कराई गई। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक फ्लाइट कोलकाता से चेन्नई आ रही थी। फ्लाइट चेन्नई में लैंड करने वाली थी तभी पायलट ने महसूस किया कि बायां इंजन फेल हो गया है। उसने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी जिसके बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर रात 11:29 बजे फुल इमरजेंसी घोषित की गई। इसके बाद फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिग हुई। विमान में 224 लोग सवार थे। बेंगलुरु जेल में बंद प्रज्वल रेवन्ना के पास फोन मिला बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में मंगलवार को सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) ने छापेमारी की। इसमें पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के पास मोबाइल और पेन ड्राइव मिली है। जेल DGP अलोक कुमार ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि CCTV फुटेज की जांच चल रही है। सेंट्रल जेल के SP को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट को सस्पेंड किया गया है। प्रज्वल जनता दल (सेक्युलर) के विधायक एचडी रेवन्ना का बेटा और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा का पोता है। वह रेप केस में उम्रकैद की सजा काट रहा है। एमपी में लगातार 3 दिनों से बारिश बाढ़ जैसे हालात देश के मध्य और पूर्वी हिस्से में मानसून एक्टिव है। मध्यप्रदेश राजस्थान के कई इलाकों में लगातार तीसरे दिन भारी बारिश से हालात खराब हैं। इसकी वजह तीन मानसूनी सिस्टम हैं। इनके कारण अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से बड़ी मात्रा में नमी आ रही है। भोपाल में बुधवार को लगातार तीसरे दिन स्कूलों में छुट्टी है। यहां दो दिनों में 8.57 इंच बारिश हुई। करीब 200 मकानों में ढाई फीट तक पानी भर गया। रतलाम झाबुआ धार बड़वानी और इंदौर में अगले 24 घंटे में यहां 4 इंच से ज्यादा बारिश का अनुमान है। ट्रम्प ने माना- ईरान के डर से प्लेन बदलना पड़ा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मान लिया है कि उन्होंने पिछले महीने तुर्किए में ईरान के डर से प्लेन बदला था। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे जिस प्लेन से NATO समिट में हिस्सा लेने गए थे उस पर हमले का सबसे ज्यादा खतरा था। ट्रम्प ने यह भी बताया कि उन्हें सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट के केटरिंग ट्रक में बैठाकर दूसरे विमान तक ले जाया गया। ट्रम्प ने कहा कि अगर कोई हमला होता तो उसी प्लेन को निशाना बनाया जाता। मैं वही करता हूं जो सुरक्षा एजेंसियां कहती हैं। मुझे लगातार धमकियां मिलती रहती हैं।