जबलपुर के लॉर्डगंज थाना पुलिस ने होटल मैनेजर पर जानलेवा हमला करने के आरोपी कुणाल पटेल (25) को गिरफ्तार कर लिया है। कुणाल पटेल पर 5000 रुपए का इनाम घोषित था। वह जगदीश अखाड़ा क्षेत्र का निवासी है और कुख्यात छोटू चौबे गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जाता है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई एक पिस्टल एक जिंदा कारतूस और एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है।यह विवाद 26 जुलाई की रात शुरू हुआ था जब कुणाल पटेल राइट टाउन स्थित अवलोकन इन होटल पहुंचा। उसने मैनेजर शिवम अग्रवाल पर लग्जरी कमरा देने का दबाव बनाया। मैनेजर ने कमरा खाली न होने और स्थानीय आईडी पर अकेले व्यक्ति को कमरा न देने के होटल के नियमों का हवाला दिया। इस पर कुणाल ने खुद को छोटू चौबे गैंग का सदस्य बताते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में लगातार आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले शातिर बदमाश मोहन चौधरी के खिलाफ पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत सख्त कार्रवाई की है। आरोपी के खिलाफ चोरी लूट हत्या के प्रयास और अवैध वसूली जैसे करीब 21 गंभीर मामले दर्ज हैं। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोलानी के अनुसार आरोपी वर्ष 2015 से क्षेत्र में सक्रिय था और उसके बढ़ते आतंक के चलते पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर NSA का प्रकरण तैयार कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया गया था। कलेक्टर द्वारा वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। जबलपुर के पाटन में सांदीपनि विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बस सुविधा न मिलने से नाराज होकर जबलपुर-पाटन मार्ग पर करीब एक घंटे तक चक्काजाम कर दिया। छात्रों का कहना है कि नया विद्यालय पाटन से 10 किलोमीटर दूर स्थित है जिससे कई विद्यार्थियों को रोज 25 किलोमीटर तक का सफर तय करना पड़ता है। विद्यालय प्रशासन ने बस चलाने का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक सुविधा शुरू नहीं की गई। आरोप है कि आंदोलन करने पर छात्रों को टीसी देने की धमकी भी दी गई थी। चक्काजाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पाटन पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पाटन एसडीएम मानवेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और आश्वासन दिया कि विद्यालय प्रशासन से चर्चा कर जल्द ही आवागमन की उचित व्यवस्था कराई जाएगी। शासकीय दृष्टिबाधित कन्या विद्यालय की छात्राओं ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय के प्राचार्य पूनम चंद्र मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्राओं का आरोप है कि उनकी अनुमति के बिना उनके व्यक्तिगत छात्रावास के कमरों में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं जो शासकीय नियमों और महिलाओं की निजता का उल्लंघन है। छात्राओं और उनके नेतृत्वकर्ताओं ने शिकायत में यह भी कहा कि प्राचार्य द्वारा उनके और वार्डन के साथ आए दिन अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। नेत्रहीन छात्राओं ने कलेक्टर से मांग की है कि प्राचार्य के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए और कमरों में लगे सीसीटीवी कैमरों को तुरंत हटाया जाए। जबलपुर स्थित शासकीय मानकुंवर बाई कला एवं वाणिज्य महिला महाविद्यालय में मध्य प्रदेश कार्यभारित दैनिक वेतन भोगी एवं स्थाई कर्मचारी श्रमिक महासंघ ने अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर प्रभारी प्राचार्य डॉ. सुनीता मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। संघ का आरोप है कि महाविद्यालय प्रशासन द्वारा बिना किसी उचित जांच के केवल मौखिक निर्देशों पर 21 स्थाई कर्मचारियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा कई कर्मचारियों को पिछले दो वर्षों से वेतन का भुगतान भी नहीं किया गया है। महासंघ के प्रांतीय संयुक्त महामंत्री कुलदीप सिंह राजपूत ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर नोटिस निरस्त नहीं किए गए और बकाया वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन की स्थिति बनने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन और उच्च शिक्षा विभाग की होगी।