पर्यटन नगरी भेड़ाघाट में इन दिनों नर्मदा सवालीस जिलेटिन फैक्टरी की केमिकल वाली मनमानी चरम पर है। फैक्टरी प्रबंधन नियमों को ताक पर रखकर सरकारी नाले और मवेशियों की चरनोई भूमि में जहरीला बदबूदार केमिकल वाला चूना धड़ल्ले से पाट रहा है। हालत यह हो गई है कि इस भयंकर दुर्गंध के कारण स्थानीय किसानों का अपने ही खेतों में खड़ा होना मुहाल हो गया है। किसानों को डर है कि आगामी बरसात में यह केमिकल बहकर खेतों और पानी में घुलेगा जिससे पूरी फसल तबाह हो जाएगी और इलाके में महामारी फैल सकती है। हैरानी की बात तो यह है कि जब अन्नदाताओं ने इस गुंडागर्दी का विरोध किया और फैक्टरी प्रबंधन को रोकने की कोशिश की तो सुधरने के बजाय वो उलटा दादागिरी पर उतर आए। फैक्टरी वाले खुलेआम सरकारी नाले को ही पाटकर उसका वजूद मिटाने में तुले हैं और किसी की सुनने को तैयार नहीं हैं। अब देखना यह है कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और स्थानीय प्रशासन इस बेखौफ फैक्टरी पर कब हंटर चलाता है या फिर किसान यूं ही इस बदबूदार टॉर्चर को झेलने को मजबूर रहेंगे। जबलपुर । मदन महल थाना अंतर्गत अमानपुर कुलियाना बस्ती की निवासी पीड़ित महिला पूजा राम समद ने दबंगों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित महिला का आरोप है कि क्षेत्र के रसूखदार शराब माफिया आशीष शिवहरे के साथी बिज्जू रजक पारस बेन विश्वनाथ पारस राजू शिवहरे अशोक पंडित मनोज शर्मा और छोटू यादव ने जबरन उसके घर में घुसकर उसके और उसकी बेटी के साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने महिला को घसीटकर सड़क पर निकाला बाल पकड़कर पीटा और उसके कपड़े तक फाड़ दिए। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उसे जातिसूचक शब्द कहे और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। महिला का आरोप है कि इस हैवानियत की रिपोर्ट मदन महल थाने में दर्ज कराने के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है जिससे बेखौफ आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार धमकी दे रहे हैं। भयभीत पीड़ित परिवार ने एसपी से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जबलपुर । ग्राम केलवास में तहसीलदार कोर्ट के स्थगन आदेश की धज्जियां उड़ाते हुए दबंगों द्वारा जबरन खेत जोतने और पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने एसपी को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि दिवंगत लीलाबाई दुबे की वसीयत के आधार पर वे इस जमीन के वैध हकदार हैं और मामला अभी कोर्ट में लंबित है। इसके बावजूद विपक्षी शिवांगी दुबे रश्मि दुबे और क्षेत्र के दबंग नीरू उर्फ विकास दुबे ने शैलेंद्र बर्मन के साथ मिलकर खेत में ट्रैक्टर चलाकर जबरन कब्जा कर लिया। पीड़ित का आरोप है कि गौर चौकी में पदस्थ एसआई नवीन पांडे कोर्ट के आदेश को दरकिनार कर रसूखदार आरोपियों की मदद कर रहे हैं। डरे-सहमे परिवार ने एसपी से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। जबलपुर । अधारताल तहसील में नियमों को ताक पर रखकर किए गए 132 नामांतरणों को प्रशासन ने निरस्त कर दिया है। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि तत्कालीन तहसीलदार द्वारा किए गए इन नामांतरणों में तय कानूनी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया था। जांच में यह गंभीर खुलासा हुआ है कि रजिस्ट्री के दस्तावेज काफी पुराने थे और उनकी लिंक रजिस्ट्री का कोई सत्यापन नहीं किया गया था। इसके अलावा बिना सही नोटशीट तैयार किए ज्यादातर आदेश केवल दस्तावेजों की छायाप्रति के आधार पर जल्दबाजी में पारित कर दिए गए थे। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के अनुसार इन सभी विसंगतियों और गड़बड़ियों को देखते हुए पुराने सभी 132 आदेशों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है और मामलों को दोबारा गहन जांच के लिए भेजा गया है। अब सभी कागजातों की बारीकी से पड़ताल और मालिकाना हक की सही स्थापना के बाद ही नए आदेश जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही पद का दुरुपयोग और घोर लापरवाही बरतने वाले तत्कालीन तहसीलदार के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उनके विरुद्ध चार्जशीट जारी कर विभागीय जांच के कड़े निर्देश दिए गए हैं जिससे हड़कंप मच गया है। जबलपुर । नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राईम ब्रांच और हनुमानताल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने स्मैक की तस्करी में लिप्त एक महिला आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.93 ग्राम स्मैक जब्त की है। Asp सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि 26 मई 2026 को क्राईम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिंधी कैम्प देशी कलारी के सामने माला सोनकर नामक महिला स्मैक बेचने के इरादे से ग्राहक का इंतजार कर रही है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जब संदेही महिला को पकड़ा और उसकी तलाशी ली तो उसके लेडीज पर्स से कागज की 100 पुड़ियों में रखी कुल 2.93 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में महिला ने बताया कि यह स्मैक उसका पति बौरा उर्फ मोनू सोनकर लेकर आया था। पुलिस ने नशीला पदार्थ जब्त करते हुए आरोपी माला सोनकर और उसके पति मोनू उर्फ बौरा सोनकर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई में हनुमानताल पुलिस और क्राईम ब्रांच के अधिकारी व आरक्षकों की सराहनीय भूमिका रही।