छत्तीसगढ़ में नौतपा शुरू होने के साथ ही गर्मी और तेज होने की संभावना है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि माना एयरपोर्ट पर पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि दो से तीन दिन बाद मौसम में बदलाव के चलते तापमान में 1 से 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है जिससे आंशिक राहत मिल सकती है। झीरम घाटी नक्सली हमले की 13वीं बरसी पर कांग्रेस नेताओं और शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर कांग्रेस और भाजपा के बीच एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई।कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि झीरम कांड की पूरी सच्चाई अब तक सामने नहीं आई है और पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की जांच को लेकर कई सवाल अब भी अनसुलझे हैं।वहीं भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि इस मुद्दे का राजनीतिक इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने दावा किया कि अगर सभी पक्ष सामने आ जाएं तो मामले की कई परतें खुल सकती हैं। कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मानिकपुर गांधी नगर में खाना बनाने को लेकर हुए विवाद में पति ने पत्नी पर डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी।जानकारी के अनुसार बलिराम मरावी काम से घर लौटा था तभी खाना न बनने को लेकर पत्नी संगीता मरावी से उसका विवाद हो गया। गुस्से में आकर उसने डंडे से हमला कर दिया। घटना के समय घर में आरोपी के पिता मौजूद थे।घायल महिला को पड़ोसियों की मदद से घर में ही रखा गया लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही सियासी हलचल के बीच भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने दिग्गज कांग्रेस नेता टी.एस. सिंहदेव को लेकर बयान दिया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस के भीतर टीएस सिंहदेव का सम्मान नहीं हो रहा है और उन्हें इस पर विचार करना चाहिए कि वे पार्टी में बने रहें या नहीं। चंद्राकर ने दावा किया कि पार्टी में अंदरूनी स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं।उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस नेतृत्व के हालिया बयानों से संगठन के भीतर मतभेद साफ दिखाई दे रहे हैं।