MP के शिक्षकों का आज भोपाल में प्रदर्शन अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर शनिवार को राजधानी में प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। भेल स्थित दशहरा मैदान में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से शिक्षक ‘मुख्यमंत्री अनुरोध यात्रा’ के लिए एकत्रित हो रहे हैं। आयोजकों के मुताबिक इस प्रदर्शन में 50 हजार से अधिक शिक्षकों की भागीदारी की संभावना है। मोर्चा के पदाधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) देने के लिए बाध्य किया जा रहा है जो पूरी तरह अनुचित है। उनका तर्क है कि नियुक्ति के समय सभी आवश्यक योग्यता पूरी करने के बाद अब 20-25 साल की सेवा के बाद नई शर्तें थोपना न्यायसंगत नहीं है। मोर्चा के अनुसार सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश से 90 से 95 प्रतिशत तक शिक्षक प्रभावित हुए हैं। इनमें अधिकांश वे शिक्षक हैं जो अध्यापक से शिक्षक संवर्ग में शामिल हुए हैं। इन शिक्षकों ने कम वेतनमान से सेवा शुरू की थी और अब भी पेंशन ग्रेच्युटी और सेवा अवधि की गणना जैसे मूल अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। जबलपुर के दुर्गावती विश्वविद्यालय ने भेजी गलत जानकारी जबलपुर का रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ कम्प्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन विभाग (UICSA) से जुड़ी गलत जानकारी विधानसभा में देने से संबंधित है। दरअसल शीत सत्र में पूर्व मंत्री और विधायक लखन घनघोरिया ने विश्वविद्यालय में संचालित तकनीकी पाठ्यक्रमों के लिए उपलब्ध लैब कम्प्यूटर सॉफ्टवेयर एवं अन्य बुनियादी संसाधनों की जानकारी मांगी थी। जवाब में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा था कि यूनिवर्सिटी में एमसीए और बीसीए पाठ्यक्रमों के लिए 25 कम्प्यूटरउपलब्ध हैं। इसके बाद मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। क्लास में सभी कम्प्यूटर बंद पाए गए। 200 से अधिक स्टूडेंट्स की पढ़ाई का जिम्मा अतिथि विद्वानों पर था। लैब बंद थी और प्रैक्टिकल के लिए स्टूडेंट्स को अपने लैपटॉप खुद लाने पड़ रहे थे। इस खबर के आधार पर विधायक घनघोरिया ने एक औपचारिक शिकायत पत्र भेजा जिसमें असत्य और भ्रामक जानकारी देने की बात कही गई। अब 6 अप्रैल को विधानसभा सचिवालय ने उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर शिकायत पर परीक्षण और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डॉग्स में बढ़ी आंखों की बीमारियां..सर्जरी से इलाज भी संभव पालतू कुत्तों में आंखों की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं लेकिन राहत की बात यह है कि अब इनके इलाज के लिए अत्याधुनिक तकनीकें उपलब्ध हैं। मोतियाबिंद ग्लूकोमा ड्राई आई (KCS) और कॉर्नियल डैमेज जैसी समस्याओं का सफल उपचार संभव हो रहा है। यह जानकारी मेलबर्न (ऑस्ट्रेलिया) से आए सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. चार्ल्स कुन्त्ज़ ने ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 17वीं FSAPAI इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस के पहले दिन दी। यह कॉन्फ्रेंस फेडरेशन ऑफ स्मॉल एनिमल प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FSAPAI) और यूनाइटेड स्मॉल एनिमल प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में है जिसमें देश-विदेश से करीब सैकडों एक्सपर्ट्स शामिल हुए। ट्रक ने मां-बेटे को कुचला इकलौते बेटे का सिर-धड़ अलग मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शुक्रवार शाम 7 बजे नेशनल हाईवे-52 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मारी। हादसे में मां और एक साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे का सिर धड़ से अलग हो गया। मामला ब्यावरा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान सुमित्रा बाई (25) और कान्हा (1) के रूप में हुई है। घायलों में अनिल वर्मा और अनुष्का (4) शामिल हैं जो मोया गांव के रहने वाले हैं। दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद लोगों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम किया। खजुराहो में पारा 43.2°C भोपाल-इंदौर से गर्म जबलपुर मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार को सीजन में पहली बार टेम्पेरेचर 43.2 डिग्री पहुंचा। यह छतरपुर के खजुराहो में दर्ज किया गया। वहीं 9 शहरों में पारा 42 डिग्री से ज्यादा रहा। IMD (मौसम केंद्र) भोपाल ने शनिवार को 16 जिलों में हीट वेव यानी लू की चेतावनी जारी की है। भोपाल में शनिवार से ही स्कूल नए समय तक लगेंगे। मौसम विभाग ने आज जिन जिलों में लू का अलर्ट जारी किया उनमें अलीराजपुर झाबुआ रतलाम धार रायसेन नर्मदापुरम बैतूल छिंदवाड़ा पांढुर्णा सिवनी मंडला बालाघाट निवाड़ी टीकमगढ़ छतरपुर और पन्ना शामिल हैं।