Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
राज्य
28-Jul-2026

स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिल के विरोध में कांग्रेस ने प्रदेशभर में अभियान तेज कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के तहत कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर को महतारी वंदन वसूली योजना का नाम दिया है। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महतारी वंदन योजना की राशि की भरपाई महंगे बिजली बिलों के जरिए कर रही है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं के बिजली बिल कई गुना बढ़ गए हैं जिससे आम लोगों का मासिक बजट बिगड़ रहा है। कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर हटाने के लिए लोगों से सहमति पत्र भी भरवाना शुरू कर दिया है। पार्टी का कहना है कि महंगी बिजली दर स्मार्ट मीटर और अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार ने भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट के गठन की मांग की थी जिस पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की ओर से जवाब प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि बस्तर रेजिमेंट के गठन से क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को सेना में रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि संसद में एंटी पेपर लीक बिल लाने की बात हुई थी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस संबंध में निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में यदि कोई भी पेपर लीक की घटना होती है तो नए कानून के तहत दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई का प्रावधान रहेगा। छत्तीसगढ़ में पहली बार आज स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। राजधानी रायपुर में आयोजित इस कॉन्क्लेव में देशभर के खेल प्रशासक विशेषज्ञ स्पोर्ट्स साइंटिस्ट और दिग्गज खिलाड़ी खेल अधोसंरचना प्रतिभा पहचान प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के विकास को लेकर मंथन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम के सत्र में शामिल होंगे। इस दौरान वे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में पदक जीतने वाले छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान करेंगे। कॉन्क्लेव में विजन 2036 खेल विज्ञान खेल अधोसंरचना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप खेलो इंडिया मिशन राज्य की पदक रणनीति और नई खेल नीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो रही है। रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में 50 वर्षीय गनपतीलाल भगत की संदिग्ध मौत का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में मृतक की पत्नी और दो विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार 25 जुलाई को ग्राम तराईमाल के धनवारपारा स्थित किराए के मकान में गनपतीलाल का शव मिला था। घटनास्थल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या की आशंका होने पर जांच शुरू की गई। पूछताछ में पत्नी गंगाबाई भगत ने बताया कि जमीन अधिग्रहण के मुआवजे में मिले 25–30 लाख रुपये मृतक शराब में खर्च कर रहा था और आए दिन परिवार के साथ मारपीट करता था। 23 जुलाई को विवाद के बाद पत्नी और दोनों अपचारी बालकों ने मिलकर साड़ी और गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए मृतक की कलाई ब्लेड से काट दी गई थी। पुलिस ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर गंगाबाई भगत व दोनों अपचारी बालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।