खबर 1: सोना-चांदी बाजार में भारी गिरावट 30 जनवरी को गोल्ड और सिल्वर मार्केट में बड़ी गिरावट देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी 1.06 लाख रुपए यानी करीब 26% टूटकर 2.93 लाख रुपए प्रति किलो पर आ गई। एक दिन पहले चांदी 3.99 लाख रुपए पर थी। वहीं सोना भी 20 हजार रुपए (12%) सस्ता होकर 1.49 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। ETF में भी 23% तक की गिरावट दर्ज की गई। सर्राफा बाजार में चांदी 40638 रुपए और सोना 9545 रुपए सस्ता हुआ। खबर 2: FASTag के लिए KYV प्रोसेस खत्म 1 फरवरी से नई कार जीप और वैन के लिए FASTag जारी करते समय KYV (नो योर व्हीकल) प्रोसेस की जरूरत नहीं होगी। NHAI ने यह फैसला वाहन मालिकों की परेशानी कम करने के लिए लिया है। पहले से FASTag लगे वाहनों को भी अब बार-बार KYV अपडेट नहीं कराना पड़ेगा। बैंक खुद ही डेटा वेरिफिकेशन करेंगे जिससे टैग एक्टिवेशन में देरी की समस्या खत्म होगी। खबर 3: कॉन्फिडेंट ग्रुप चेयरमैन की आत्महत्या कॉन्फिडेंट ग्रुप के चेयरमैन सीजे रॉय ने बेंगलुरु में अपने ऑफिस में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त कंपनी पर आयकर विभाग की रेड चल रही थी। करीब 9000 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक रॉय के पास प्राइवेट जेट और 200 से ज्यादा लग्जरी कारें थीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और IT विभाग से जानकारी ली जा रही है। खबर 4: NSE को IPO की मंजूरी 10 साल बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) को सेबी से IPO लाने की मंजूरी मिल गई है। NSE ने 1400 करोड़ रुपए के सेटलमेंट के बाद IPO के लिए NOC हासिल की है। अब DRHP तैयार किया जाएगा और 8–9 महीने में NSE की लिस्टिंग संभव है। को-लोकेशन और डार्क फाइबर मामलों की वजह से IPO लंबे समय से अटका हुआ था। खबर 5: पेरिस कॉटूर वीक में भारतीय ज्वेलरी की चमक आदित्य बिड़ला ग्रुप के प्रीमियम ज्वेलरी ब्रांड ‘इंद्रिया’ ने पेरिस कॉटूर वीक में ग्लोबल डेब्यू किया। डिजाइनर गौरव गुप्ता के साथ इंटरनेशनल पार्टनरशिप के तहत भारतीय कला और शिल्प को दुनिया के मंच पर पेश किया गया। ‘अर्धनारीश्वर’ और द्वैतवाद से प्रेरित इस कलेक्शन ने भारतीय संस्कृति की गहराई और आधुनिक डिजाइन का शानदार संगम दिखाया।