जबलपुर के गोरा बाजार थाना के तिलहरी स्थित विजन महल होटल में सोमवार देर रात दो बजे भीषण आग लग गई। आग लगने से होटल में अफरा-तफरी मच गई। लोग होटल से निकलकर यहां-वहां भागने लगे।होटल प्रबंधन ने आग लगने की जानकारी फायर अमले को दी। कुछ ही देर बाद फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ी होटल पहुंची और आग पर काबू पाया पर तब तक लाखों रुपए का नुकसान हो चुका था। होटल विजन महल में शादी समारोह चल रहा था। मौके पर सौ से अधिक लोग थे तभी स्टेज के सामने अचानक चिंगारी निकली और वहां लगे साज-सज्जा के सामने जलने लगे। जब तक कोई कुछ समझ पता तब तक आग बढ़ चुकी थी। आग तेजी से होटल में फैलने लगी। महिलाएं-बच्चे होटल से बाहर भागने लगे। सूत्रों का कहना है कि होटल संचालक ने पंचनामा बनाने से इंकार कर दिया। एक साल पहले भी होटल के किचन में आग लग चुकी है। तब भी संचालक ने पंचनामा बनाने से इंकार कर दिया था। बताया जा रहा है कि होटल की एनओसी है लेकिन पंडाल लगाकर जो कार्यक्रम किये जा रहे थे उसकी एनओसी नहीं है। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो एक बड़ा हादसा जबलपुर में हो सकता था।