Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
क्षेत्रीय
24-Sep-2026

जबलपुर: शहर के धनवंतरी नगर चौकी क्षेत्र अंतर्गत जासूजा सिटी फेस-3 में स्थित गणेश पंडाल में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। महाआरती के दौरान टेबल उठाने के प्रयास में 16 वर्षीय शौर्य चानपुरिया करंट की चपेट में आ गया और अचेत होकर गिर पड़ा। साथ मौजूद दोस्त और स्थानीय लोग उसे तुरंत मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही धनवंतरी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।हादसे के बाद पुलिस ने पंडाल की विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा मानकों में हुई लापरवाही की बारीकी से जांच शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी दुर्गेश मरावी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में समिति के सदस्यों ने पंडाल के एक खंभे में पहले से करंट आने की बात स्वीकार की है। अब पुलिस इस बिंदु की जांच कर रही है कि करंट की जानकारी होने के बावजूद टेंट संचालक या जिम्मेदार लोगों द्वारा सुरक्षा के क्या उपाय किए गए थे और क्या विद्युत विभाग को इसकी सूचना दी गई थी। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई करेगी। जबलपुर: सिहोरा के बरखेड़ा गांव में एक 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद पुलिस ने अंतिम संस्कार के दौरान चिता से शव उठवा लिया। जानकारी के अनुसार गांव निवासी वसंत कोल की मंगलवार रात सांप के काटने से इलाज के दौरान मौत हो गई थी। बुधवार को जब पिता का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुँचा उसी दौरान उनकी 15 वर्षीय बेटी लक्ष्मी कोल ने भी अचानक दम तोड़ दिया। परिजन पिता और पुत्री का एक साथ अंतिम संस्कार कर रहे थे तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी।किशोरी की मौत को संदिग्ध मानते हुए सिहोरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और जलने से पहले ही शव को चिता से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए सिहोरा अस्पताल भिजवाया। Asp सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि परिजनों को शव सौंप दिया गया है और मर्ग कायम कर जाँच शुरू कर दी गई है। पिता की सर्पदंश से मौत के तुरंत बाद किशोरी की अचानक हुई मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। जबलपुर: शहपुरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कटोरी में विकास कार्यों के नाम पर बिना काम पूरा किए लगभग सवा करोड़ रुपये की शासकीय राशि आहरित करने का गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय एसडीएम की जांच रिपोर्ट और वित्तीय अनियमितता की पुष्टि होने पर जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत ने कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। मामले में गंभीर लापरवाही और गबन का दोषी पाए जाने पर सरपंच आरती लोधी को धारा 40 के तहत पद से पृथक कर दिया गया है वहीं पंचायत सचिव जितेंद्र मेहरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।प्रशासनिक पड़ताल में यह तथ्य सामने आया कि नियमों को ताक पर रखकर काम पूरा होने से पहले ही पूरी राशि निकाल ली गई थी। यद्यपि कार्रवाई के डर से बाद में अधिकांश कार्य कराए गए लेकिन अभी भी 15 से 20 लाख रुपये का निर्माण कार्य अधूरा है। अधिकारियों का साफ कहना है कि राशि पहले निकालकर बाद में काम कराना दंडनीय अपराध है। इस मामले में वित्तीय नियमों के उल्लंघन पर धारा 92 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है और अधूरे कार्यों की शेष राशि की नियमानुसार वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जबलपुर: नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल की पार्किंग में सुरक्षा और व्यवस्था के नाम पर गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है जिसमें पार्किंग कर्मचारी एक महिला और उसके साथी के साथ सरेआम गाली-गलौज और अभद्रता करते नज़र आ रहे हैं। वीडियो में आक्रोशित कर्मचारी युवक पर बेल्ट से हमला करने की कोशिश करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं जिससे अस्पताल परिसर में सनसनी फैल गई है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद आम जनता और मरीजों के परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। हालांकि इस वीडियो की सत्यता की आधिकारिक और स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूज़र्स ने गढ़ा पुलिस व प्रशासन से मामले को संज्ञान में लेते हुए वीडियो की बारीकी से जाँच करने और दबंग पार्किंग कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की माँग की है। जबलपुर: भाजपा विधायक उषा ठाकुर द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के विरोध में जबलपुर महिला कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियंका सोनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बलदेवबाग अग्रवाल बारात घर के समीप उषा ठाकुर के पोस्टर जलाकर जमकर नारेबाजी की। प्रियंका सोनी ने कहा कि नवरात्रि जैसे पावन पर्व के दौरान महिलाओं पर इस तरह की टिप्पणी अशोभनीय है। उन्होंने विधायक से अपने बयान का सार्वजनिक सबूत पेश करने और पूरे देश की महिलाओं से अविलंब माफी मांगने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान पूर्व शहर अध्यक्ष अनुभा शर्मा ने भी बयान की तीखी निंदा करते हुए कहा कि एक महिला जनप्रतिनिधि होने के नाते उषा ठाकुर को नारी शक्ति का सम्मान करना चाहिए था न कि उनका अपमान। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि भाजपा विधायक ने अपना बयान वापस लेकर जल्द माफी नहीं मांगी तो इस आंदोलन को जिला स्तर पर और अधिक तेज किया जाएगा।