सिंगरौली में वन मंडल कार्यालय में पदस्थ क्लर्क का दफ्तर में शराब पीने के मामले में निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए समिति बनाई गई है। एक वीडियो सामने आया था। वीडियो में वह दफ्तर में बैठकर शराब पीता नजर आ रहा है। साथी महिला कर्मचारी के वीडियो बनाने पर वह उसे धमकाता भी दिख रहा है। घटना बीती 8 फरवरी की है। महिला कर्मचारी का आरोप है कि जिला वन मंडल कार्यालय में लिपिक के पद पर तैनात शिवराज सिंह अक्सर शराब पीकर ड्यूटी पर आता है। 8 फरवरी को वह दफ्तर में ही बैठकर शराब पी रहा था। महिला ने मना किया तो वह बदतमीजी करने लगा। महिला ने अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो बनाना शुरू किया। इसके बाद भी वह नहीं माना। महिला को अपशब्द कहने लगा। वीडियो में शिवराज सिंह कहते हुए दिख रहा है फोटो खींचना है। लो अब खींच लो। इसके बाद वह दराज से शराब की बोतल निकालता है। शराब कप में डालने के बाद बोतल दिखाते हुए कहता है- ऐसा फोटो रख दूंगा न कि हालत भूल जाएगी। हम तो नहीं रहूंगा तो तुमको बर्बाद करके जाऊंगा। इसको लिख लो। अब इस ऑफिस में केवल तू रहेगी या मैं रहूंगा।