राजधानी रायपुर के सार्वजनिक शौचालयों में गंदगी की शिकायतों पर रायपुर नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। महापौर मीनल चौबे ने एक विशेष ऐप लॉन्च किया है जिसके जरिए शहर के सार्वजनिक शौचालयों की नियमित निगरानी की जाएगी। नई व्यवस्था के तहत शौचालयों में तैनात केयरटेकर को रोजाना सुबह और शाम शौचालय की तस्वीर ऐप पर अपलोड करनी होगी। तस्वीर में गंदगी या सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधित केयरटेकर की जिम्मेदारी तय की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जा सकता है। महापौर मीनल चौबे ने कहा कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह व्यवस्था शुरू की गई है। उन्होंने आम लोगों से भी सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। निगम का दावा है कि ऐप आधारित निगरानी से सार्वजनिक शौचालयों की सफाई व्यवस्था में सुधार लाने में मदद मिलेगी। राहुल गांधी के चुनाव में गड़बड़ी और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने राहुल गांधी पर देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और देश में अराजकता फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। अरुण साव ने कहा कि चुनाव में गड़बड़ी की शिकायत का संवैधानिक रास्ता चुनाव याचिका और न्यायालय की शरण लेना है लेकिन राहुल गांधी इसके बजाय चुनाव परिणामों पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस के पुराने चुनावी इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी को संविधान और कानून पर भरोसा नहीं है। उपमुख्यमंत्री ने 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने करीब 100 सीटें जीतीं और 2019 के मुकाबले उसकी सीटें बढ़ीं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार देश को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं और कहा कि आने वाले समय में देश की जनता कांग्रेस और राहुल गांधी को इसका जवाब देगी। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में बेहतर प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ को चार पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम में राज्य के साथ बिलासपुर नगर निगम दंतेवाड़ा नगरपालिका और बड़े बचेली नगरपालिका को भी सम्मानित किया जाएगा। अरुण साव ने इसे छत्तीसगढ़ और नगरीय प्रशासन विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के जरिए ठेला-खोमचा लगाने वाले और छोटे कारोबारियों को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों अधिकारियों और बैंकों के सहयोग से योजना को प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रदेशवासियों और संबंधित निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी। छत्तीसगढ़ में निवेश और रोजगार को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग 3.0 में देश-विदेश से आए उद्योगपतियों की ओर से कुल 1 लाख 7 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक इन निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में 20 हजार से ज्यादा रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य और बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में यह अहम कदम है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ऑडिट पखवाड़ा 2026 के शुभारंभ समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि पखवाड़े के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और कई विशेषज्ञ भी इसमें शामिल होंगे। सीएम साय ने कहा कि इन कार्यक्रमों और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से सरकारी संसाधनों और जनता के पैसे के सदुपयोग को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने ऑडिट व्यवस्था को वित्तीय अनुशासन और जवाबदेही के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। राजधानी रायपुर की सफाई व्यवस्था को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने स्वच्छता सर्वेक्षण में रायपुर को मिली राष्ट्रीय रैंकिंग और शहर की जमीनी स्थिति पर सवाल उठाते हुए सफाई व्यवस्था में सुधार की मांग की है। अकबर ने कहा कि राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना गौरव की बात है लेकिन शहर की सड़कों और गलियों की स्थिति पुरस्कार के अनुरूप नजर नहीं आती। उन्होंने सर्वेक्षण एजेंसी की जवाबदेही तय करने और सफाई व्यवस्था के विधानसभा वार टेंडर के फैसले पर पुनर्विचार की मांग की। साथ ही वार्ड स्तर पर पार्षदों की जवाबदेही तय करने की बात कही। वहीं उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस सत्ता में रहते हुए कुछ नहीं करती थी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है और राष्ट्रीय स्तर पर मिल रहे पुरस्कार सरकार के प्रयासों का प्रमाण हैं।