Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
ट्रेंडिंग
14-Nov-2026

जबलपुर के महिला थाने में एक युवती की शिकायत पर पुलिस विभाग में पदस्थ आरक्षक सिद्धार्थ आरसे के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और धमकी देने का गंभीर मामला दर्ज किया गया है। मूल रूप से पिपरिया जिला नर्मदापुरम के रहने वाले आरक्षक पर आरोप है कि उसने करीब तीन साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई जान-पहचान के बाद युवती को शादी का भरोसा दिलाया और 23 अप्रैल 2026 को जबलपुर के दीनदयाल चौक स्थित स्वागत होटल सहित अन्य जगहों पर ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।पीड़िता का आरोप है कि बाद में आरक्षक ने विवाह करने से साफ इनकार कर दिया और कार्रवाई की चुनौती देते हुए धमकाने लगा। स्थानीय थाने से मदद न मिलने पर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचकर न्याय की गुहार लगाई जिसके आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से विवेचना कर रही है। जबलपुर के मदन महल थाना क्षेत्र में घर में काम करने वाली एक महिला कर्मचारी द्वारा करीब एक किलो वजनी सोने की बिस्किट चोरी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मकान मालिक ने कुछ दिन पहले थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि घर में रखी लगभग सवा करोड़ रुपये कीमत की सोने की बिस्किट अचानक गायब हो गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने घर के कर्मचारियों से पूछताछ शुरू की। इस दौरान एक महिला कर्मचारी की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से शत-प्रतिशत चोरी गया सोना बरामद कर लिया है। कोतवाली सीएसपी अखिलेश गौर के अनुसार आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। जबलपुर के रांझी स्थित सिविल अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। अस्पताल में इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले मरीजों को समुचित उपचार देने के बजाय डॉक्टरों की कमी का हवाला देकर सीधे विक्टोरिया अस्पताल या नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है।हालात यह हैं कि मरीजों को दूसरे अस्पताल भेजने के लिए समय पर एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं हो पाती जिसके चलते परिजनों को मजबूरन अपने निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इस संबंध में अस्पताल के प्रभारी डॉ. कमलेश धुर्वे से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनकी ड्यूटी शाम के समय होने के कारण पक्ष नहीं मिल सका। स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि वे जल्द अस्पताल का निरीक्षण कर डॉक्टरों की उपलब्धता और एंबुलेंस जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करें ताकि आम जनता को इस तरह परेशानी का सामना न करना पड़े। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आज जबलपुर में तीन दिवसीय राज्य-स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने आधारताल तिराहा स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और बिरसा मुंडा अमर रहे के नारे लगाए।कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में मुख्यमंत्री ने लगभग 133.05 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें सिहोरा में आईटीआई भवन व छात्रावास निर्माण का भूमिपूजन तथा छिंदवाड़ा बालाघाट और डिंडौरी जिलों में आधुनिक सुविधाओं से लैस सांदीपनि विद्यालयों व कन्या शिक्षा परिसरों का लोकार्पण शामिल है।संबोधन में सीएम डॉ. यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन त्याग संघर्ष और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को सहेजने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर जल संरक्षण शिक्षा खेल और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जनजातीय प्रतिभाओं को मंच पर सम्मानित भी किया गया।इस गरिमामयी आयोजन में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके मंत्री संपतिया उइके सांसद आशीष दुबे स्थानीय विधायक और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व जनजातीय बंधु उपस्थित रहे। जबलपुर के आयुध निर्माणी खमरिया के ए-4 अनुभाग में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। छठ के अवकाश के दिन ऑफ बेसिस ड्यूटी पर काम कर रहे कर्मचारी तेजभान सिंह की उंगली मैकेनिकल मशीन की चपेट में आने से बुरी तरह कट गई। यह घटना सुबह करीब 10 बजे उस वक्त हुई जब मशीन पर कंपोनेंट की प्रेसिंग का कार्य चल रहा था। घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों ने घायल कर्मचारी को फैक्ट्री डिस्पेंसरी पहुंचाया जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जबलपुर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। हादसे की सूचना मिलते ही फैक्ट्री के जिम्मेदार अधिकारी भी तुरंत अस्पताल पहुँच गए।