Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
क्षेत्रीय
24-Oct-2026

जबलपुर: श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज में चल रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ महाकौशल प्रांत के युवा शिविर के तीसरे दिन शनिवार को शहर में एक भव्य और अनुशासित पथ संचलन निकाला गया। प्रांत के 34 जिलों से आए 16 से 32 वर्ष आयु वर्ग के 3185 युवा स्वयंसेवकों ने इसमें पूरी तन्मयता के साथ सहभागिता की। संचलन श्रीराम इंजीनियरिंग कॉलेज से शुरू होकर केशरवानी कॉलेज तक पहुंचा जहां कदम से कदम मिलाकर चल रहे युवाओं ने अभूतपूर्व अनुशासन और संगठनात्मक एकजुटता का परिचय दिया।मार्ग में बनाए गए 20 विशेष मंचों से विभिन्न समाजों वर्गों और क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों ने संचलन का अवलोकन किया और युवाओं के इस अनुशासन की सराहना की। प्रांत प्रचार प्रमुख विनोद कुमार ने बताया कि संघ प्रमुख सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का जबलपुर आगमन हो चुका है। वे 25 अक्टूबर को शिविर में पहुंचकर दो सत्रों में युवा स्वयंसेवकों को मार्गदर्शन देंगे जिसके बाद सायंकाल प्रात्यक्षिक कार्यक्रम के साथ इस चार दिवसीय शिविर का समापन होगा। जबलपुर: भारतीय ओलंपिक संघ की प्रथम महिला अध्यक्ष और दिग्गज एथलीट पीटी उषा ने कहा है कि भले ही उन्हें पद्म श्री समेत कई प्रतिष्ठित सम्मान मिले हों और वे 78 अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुकी हों लेकिन उनकी प्राथमिकता आज भी खेल के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करना और देश का नाम रोशन करना है। वे मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ द्वारा आयोजित भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रही थीं। डुमना एयरपोर्ट से लेकर मुख्य समारोह तक उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू अखिलेश जैन और संजय सेठ ने उन्हें शॉल श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ के सचिव दिग्विजय सिंह ने उनके संघर्ष और खेल जगत में दिए गए योगदान की सराहना की। मंत्री राकेश सिंह ने शहर में खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया वहीं पीटी उषा ने युवा पीढ़ी को खेलों से जोड़ने और अपनी अकादमी के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर प्रदेश भर से आए विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जबलपुर: संयुक्त पिछड़ा वर्ग मोर्चा और ओबीसी महासभा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने ओबीसी एससी एसटी एवं पसमांदा समुदाय के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए हुंकार भरी है। संगठनों के पदाधिकारियों ने अंबेडकर चौक पर एकत्रित होकर जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मध्य प्रदेश में 27% ओबीसी आरक्षण बहाल करने आगामी जातिगत जनगणना में ओबीसी का पृथक कॉलम जोड़ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर रोक लगाने तथा निष्पक्षता के लिए ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने जैसी मुख्य मांगें उठाई गईं।संयोजक रामरतन यादव एवं जिला अध्यक्ष छोटे पटेल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मध्य प्रदेश सरकार से विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर 27% आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल कराने अथवा अध्यादेश जारी करने की मांग की गई है। इसके साथ ही प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी कि आम जनता के अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन देने के लिए कलेक्टर कार्यालय के समीप बैठने की स्थायी व्यवस्था और आंदोलन के लिए एक निश्चित मैदान उपलब्ध कराया जाए ताकि प्रशासनिक कामकाज और आम यातायात बाधित न हो।ओबीसी आरक्षण और जनसमस्याओं को लेकर संयुक्त पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रदर्शन राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन