जिला अस्पताल में दो नवजातों की मौत परिजनों ने लगाए इलाज में देरी के आरोप दशहरा विवाद में विधायक का अल्टीमेटम तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन खाने को बताया खराबफिर ढाबे पर पेट्रोल बम फेकने का आरोप संचालक ने की शिकायत कॉलेज विद्यार्थियों से सीधा संवाद करेगी पुलिस कानून और सुरक्षा की देंगे जानकारी टेबल टेनिस में इंदौर का दबदबा महिला-पुरुष दोनों वर्गों में जीता खिताब 1 जिला अस्पताल के गायनिक वार्ड में दो नवजातों की मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पहले मामले में ममरिया निवासी मनीषा डेहरिया के परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रसव पीड़ा से परेशान महिला के इलाज के लिए वे डॉक्टरों और स्टाफ से गुहार लगाते रहे लेकिन समय पर उचित उपचार नहीं मिला। परिजनों के मुताबिक इंजेक्शन लगाने के बाद महिला को लगातार उल्टियां होने लगी थीं और सीजर के लिए सहमति लेने के बावजूद सुबह तक इंतजार कराया गया। इसी दौरान नवजात की मौत हो गई।वही दूसरे मामले में कुसुआ कला निवासी अनील यादव की चार दिन से अस्पताल में भर्ती प्रसूता ने गुरुवार को बच्चे को जन्म दिया था जिसकी शनिवार को मौत हो गई। गौरतलब है कि करीब तीन दिन पहले भी जिला अस्पताल में एक प्रसूता की मौत का मामला सामने आया था। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच अस्पताल में प्रसूताओं और नवजातों की देखभाल समय पर उपचार और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। 2 चांदामेटा के पंकज स्टेडियम में दशहरा उत्सव के दौरान हुए विवाद ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। भाजपा की परासिया विधानसभा प्रभारी ज्योति डेहरिया की शिकायत पर पुलिस द्वारा विधायक सोहन बाल्मिक और शुभम मालवीय के खिलाफ गाली-गलौज और धमकी का मामला दर्ज किए जाने के विरोध में शनिवार को विधायक सहित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चांदामेटा थाने में करीब एक घंटे तक धरना दिया। एसडीओपी आकांक्षा उपाध्यक्ष को शिकायत सौंपकर विधायक ने विवाद के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे भाजपा के 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। उन्होंने तीन दिन में कार्रवाई नहीं होने पर 28 अक्टूबर को चांदामेटा से परासिया तक रैली निकालकर एसडीओपी कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी भी दी। 3 परासिया के सोनापिपरी स्थित बड़ा बावर्ची ढाबे पर खाना खाने के बाद भुगतान को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। ढाबा संचालक अशोक निकोसे और अभिषेक कुमरे ने शिकायत में आरोप लगाया है कि 23 अक्टूबर की देर रात कार सवार युवक-युवती से विवाद के बाद कुछ देर में दोबारा पहुंचे लोगों ने पेट्रोल बम फेंककर आग लगाने और कर्मचारियों पर पेट्रोल डालकर जान से मारने की कोशिश की। शिकायतकर्ताओं ने जातिसूचक गालियां देने और धमकी देने का आरोप भी लगाया है। उनके अनुसार घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। मामले में पुलिस अधिकारियों को लिखित आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की गई है। 4 शासकीय पीजी कॉलेज में 28 अक्टूबर को जन सुरक्षा-युवा सृजन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर 24 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में समन्वय बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा विद्यार्थियों की सहभागिता और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई। इस पहल के तहत पुलिस अधिकारी विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर कानून सामाजिक सुरक्षा अधिकारों और सहायता सेवाओं की जानकारी देंगे। 5 ओलंपिक स्टेडियम हॉल में आयोजित राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष टेबल टेनिस प्रतियोगिता का समापन हुआ। दोनों वर्गों में इंदौर संभाग ने खिताब अपने नाम किया जबकि छिंदवाड़ा की टीम उपविजेता रही। फाइनल में इंदौर ने छिंदवाड़ा को हराया। समापन समारोह में सांसद विवेक बंटी साहू सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में प्रदेश की 12 टीमों ने हिस्सा लिया। इस दौरान खेल क्षेत्र में योगदान देने वाली हस्तियों को भी सम्मानित किया गया। महर्षि वाल्मीकि जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा समाज की एकजुटता का दिया संदेश 6 शरद पूर्णिमा और महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकटोत्सव के अवसर पर उनकी प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की गई। आयोजन में नागपुर कोटा सहित विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु शामिल हुए। राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि ने कहा कि समाज के लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई से सहयोग कर इस आयोजन को सफल बनाया। उन्होंने समाज के उत्थान सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों को अपनी परंपराओं से जोड़ने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सामाजिक एकता आपसी सहयोग और धार्मिक आस्था का संदेश दिया गया। विशाल इनामी दंगल पहलवानों के रोमांचक मुकाबलों ने जीता दर्शकों का दिल 7 जिले के राजाखोह में माँ बूढ़ी दाई राजा जातवा शाह की जन्मस्थली पर विशाल इनामी दंगल का आयोजन किया गया। इसमें जिले और प्रदेश के पहलवानों ने दमखम दिखाया। देर रात तक चले मुकाबलों को देखने बड़ी संख्या में ग्रामीण और कुश्ती प्रेमी पहुंचे। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 11 हजार रुपये दिल्ली के पहलवानों के मुकाबले के लिए 5100 रुपये और इंदौर के पहलवान के लिए 3100 रुपये की राशि निर्धारित की गई। आयोजन में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना युवा कांग्रेस नेता जय सक्सेना सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। लकी ड्रॉ में अमित को बाइक कमलेश को टीवी और अंकिता को मिला फ्रिज 8 पुराना नागपुर नाका व्यापारी मंडल दुर्गा उत्सव समिति द्वारा आयोजित इनामी लकी ड्रॉ में कुल 51 विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रथम पुरस्कार में अमित गोहिया को मोटरसाइकिल द्वितीय पुरस्कार में कमलेश कुमार गुप्ता को 43 इंच की एलईडी टीवी और तृतीय पुरस्कार में अंकिता दीक्षित को फ्रिज मिला। अन्य विजेताओं को वॉशिंग मशीन साइकिल अलमारी सहित विभिन्न उपहार दिए गए। समिति ने इस वर्ष स्वर्ण मंदिर और बाबा अमरनाथ की भव्य झांकी तैयार की थी जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। समिति पिछले 23 वर्षों से दुर्गा उत्सव का आयोजन कर रही है। समिति ने आयोजन की सफलता में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं दानदाताओं प्रशासन पुलिस और मीडिया का आभार व्यक्त किया। कुहिया में प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वर्धन प्रशिक्षण संपन्न 9 मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशानुसार नवांकुर संस्था सेवा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी द्वारा ग्राम कुहिया के पंचायत भवन में सेक्टर स्तरीय प्रस्फुटन समिति शक्ति संचय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि जिला समन्वयक अखिलेश जैन ने कहा कि दस्तावेजीकरण प्रस्फुटन समितियों के कार्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे समितियों की गतिविधियों और सामाजिक योगदान का आकलन किया जा सकता है। नशामुक्त भारत अभियान के तहत विद्यार्थियों को दिलाई शपथ राजा शंकर शाह विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ के तत्वावधान में ‘नशामुक्त युवा विकसित भारत’ के लिए 100 सप्ताह के संकल्प अभियान के पांचवें सप्ताह में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एनएसएस जिला संगठक प्रो. रविंद्र नाफड़े ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में 200 से 250 छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। विश्वविद्यालय के एनएसएस प्रकोष्ठ समन्वयक प्रो. सीताराम शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस और रेड रिबन क्लब के स्वयंसेवकों ने सहयोग किया।