Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
ट्रेंडिंग
20-Oct-2026

विजयादशमी के मौके पर दुर्ग पुलिस लाइन में आस्था परंपरा और शौर्य का संगम देखने को मिला। पुलिस विभाग की ओर से विधि-विधान के साथ पारंपरिक शस्त्र पूजा की गई। पूजा के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने हवाई फायरिंग कर विजयादशमी की परंपरा निभाई। कार्यक्रम में दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल समेत पुलिस विभाग के अधिकारी और जवान मौजूद रहे। शस्त्र पूजा के दौरान जिले में सुख-शांति और नागरिकों की सुरक्षा की कामना की गई। एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि विजयादशमी सत्य की असत्य और अच्छाई की बुराई पर जीत का प्रतीक है। उन्होंने शस्त्र पूजा को पुलिस विभाग की गौरवशाली परंपरा बताया। कार्यक्रम में एडिशनल एसपी शोभराज अग्रवाल मणिशंकर चंद्रा ट्रैफिक एडिशनल एसपी कौशलेंद्र पटेल रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा समेत थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। एसएसपी ने जिलेवासियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। विजयादशमी के मौके पर बिलासपुर जीआरपी थाने में शस्त्र पूजा की परंपरा निभाई गई। थाना प्रभारी विष्णु यादव समेत पूरे स्टाफ ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और रेल यात्रियों व आम जनता की सुरक्षा की कामना की। इस दौरान शस्त्रों के साथ पुलिस वाहनों की भी पूजा की गई। पुलिसकर्मियों ने अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।थाना प्रभारी विष्णु यादव ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता की सेवा और सुरक्षा करना है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों के स्वस्थ और सुरक्षित रहने की प्रार्थना की ताकि यात्रियों और आम नागरिकों को बेहतर सुरक्षा दी जा सके। कार्यक्रम में जीआरपी के अधिकारी कर्मचारी और अन्य स्टाफ मौजूद रहा। विजयादशमी के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का दिन है क्योंकि प्रदेश को एक साथ दो नई ट्रेनों की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि बस्तर क्षेत्र में रायपुर से रावघाट और जगदलपुर तक रेल सेवा शुरू करने की लंबे समय से मांग रही है। इसी क्रम में रायपुर से रावघाट के बीच नई रेल सेवा का शुभारंभ किया गया है। वहीं धमतरी से रायपुर के बीच पहले संचालित नैरो गेज रेल सेवा को ब्रॉड गेज में परिवर्तित करने के बाद अब रायपुर से कुरूद तक ट्रेन संचालन भी शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। विजयादशमी के मौके पर राजधानी रायपुर की पुलिस लाइन में आस्था परंपरा और शौर्य का संगम देखने को मिला। पुलिस विभाग की ओर से विधि-विधान के साथ पारंपरिक शस्त्र पूजा की गई। मान्यता है कि विजयादशमी पर शस्त्रों की पूजा करने से शक्ति और विजय की प्राप्ति होती है। पूजा के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने हवाई फायरिंग कर परंपरा निभाई। इस दौरान पुलिस वाहनों की भी पूजा की गई। कार्यक्रम में रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ल समेत पुलिस विभाग के अधिकारी और जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने जिले में सुख-शांति और नागरिकों की सुरक्षा की कामना की। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ल ने जिलेवासियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं और शांति सौहार्द व भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के लिए शस्त्र पूजा गौरव और परंपरा का विषय है।