Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
ट्रेंडिंग
16-Sep-2026

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्मदिवस (अवतरण दिवस) की शुरुआत दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचकर की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर दिन एक नया जन्म होता है लेकिन आज के दिन उनका हमेशा यही प्रयास रहता है कि वे विशेष बच्चों के साथ समय बिताएं और उनसे संवाद करें। ​मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि दिव्यांगजनों को केवल समाज की सहानुभूति की आवश्यकता नहीं है बल्कि उन्हें सक्षम बनाना और मुख्यधारा में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिव्यांगजनों के शिक्षण-प्रशिक्षण और कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं जिसकी बदौलत आज दिव्यांगजन हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। ​उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में युवा इस दिन को संकल्प दिवस और सेवा के रूप में मना रहे हैं। सरकार का लक्ष्य राज्य के हर उस क्षेत्र तक सुविधाएं और विकास पहुंचाना है जहां अभी कमी रह गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर पर भाजपा ने प्रदेशवासियों से ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की है। पार्टी नेताओं ने लोगों से शाम को दीप जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करने का आह्वान किया है। भाजपा की इस अपील पर कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दीप जलाने से पहले लोगों को अंकिता भंडारी मामले को याद करना चाहिए। कांग्रेस ने मामले में कथित वीआईपी को लेकर सवाल उठाए और भाजपा नेताओं की चुप्पी पर भी निशाना साधा। हालांकि इन आरोपों पर राजनीतिक दावे सामने आते रहे हैं। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के केंद्रीय युवा प्रकोष्ठ के कार्यकारी अध्यक्ष कुलदीप रावत ने कॉर्बेट नेशनल पार्क और वन विभाग की नीतियों को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। देहरादून में धरना-प्रदर्शन के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि जिम कॉर्बेट का 70 प्रतिशत भूभाग लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र में आता है लेकिन पर्यटकों के सभी प्रवेश द्वार रामनगर में खोल रखे हैं। इससे पहाड़ के युवाओं को पर्यटन और रोजगार से वंचित किया जा रहा है। ​कुलदीप रावत ने वन विभाग पर पहाड़ विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि लालढांग-चिल्लरखाल सड़क जैसे जनहित के कार्यों को नियमों का हवाला देकर रोका जा रहा है जबकि शहरों में विकास के नाम पर बेधड़क पेड़ काटे गए। उन्होंने वन मंत्री सुबोध उनियाल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। यूकेडी नेता ने चेतावनी दी कि यदि लैंसडाउन की ओर सफारी गेट नहीं खोले गए तो कार्यकर्ता आगामी 3 तारीख को मैदावन और दुर्गा देवी गेट पर जाकर तालाबंदी तोड़ेंगे। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड यानी CAU ने उत्तराखंड प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। UPL का आयोजन 21 सितंबर से शुरू होगा और 1 अक्टूबर को फाइनल मुकाबले के साथ समाप्त होगा। UPL गवर्निंग काउंसिल के चेयरपर्सन सुनील जोशी ने बताया कि इस बार पिछले सीजन से बेहतर आयोजन और उत्तराखंड के खिलाड़ियों को बड़ा मंच देने पर जोर रहेगा। IPL में खेल रहे उत्तराखंड के खिलाड़ी भी लीग में हिस्सा लेंगे हालांकि आकाश मधवाल नहीं खेलेंगे। भारतीय महिला टीम की खिलाड़ी भी शामिल हो सकती हैं। दर्शकों को स्टेडियम तक लाने के लिए लोक संस्कृति और स्थानीय कलाकारों के कार्यक्रम होंगे। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी के मुताबिक पिछले कार्यक्रमों में बारिश से हुई परेशानियों को देखते हुए इस बार मौसम विभाग से रिपोर्ट मांगी गई है। मौसम की स्थिति स्पष्ट होने के बाद दौरे की तारीख तय की जाएगी। प्रियंका गांधी का दो दिवसीय दौरा इस महीने के अंत या अगले महीने के पहले सप्ताह में प्रस्तावित है। दौरे के पहले चरण में वे चमोली स्थित बदरीनाथ धाम में दर्शन-पूजन करेंगी। इसके बाद गौचर में कांग्रेस का बड़ा कार्यक्रम प्रस्तावित है। तारीख तय होने पर विस्तृत कार्यक्रम जारी होगा। करीब आठ दशक से लंबित किशाऊ बहुउद्देशीय बांध परियोजना को अब गति मिली है। नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश उत्तराखंड उत्तर प्रदेश हरियाणा राजस्थान और दिल्ली के बीच परियोजना के क्रियान्वयन को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। वर्ष 1940 में परिकल्पित इस परियोजना से 1562 एमसीएम क्षमता का जलाशय और 422 मेगावाट बिजली उत्पादन होगा। इससे छह राज्यों को सिंचाई पेयजल और ऊर्जा का लाभ मिलने की उम्मीद है। यमुना पुनर्जीवीकरण को भी गति मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित परिवारों के सम्मानजनक पुनर्वास और वन भूमि के क्षतिपूरक वनीकरण को प्राथमिकता बताया है।