मर्री टोल पर फिर घमासान शिफ्ट नहीं हुआ तो टोल नहीं देंगे ट्रांसपोर्टर किरनापुर घटना और आदिवासी बच्चों की मौत को लेकर पूर्व सांसद ने उठाए सवाल बालाघाट में 17 सितंबर को धूमधाम से मनेगी भगवान विश्वकर्मा जयंती बालाघाट-रजेगांव एनएचआई मार्ग पर मर्री में बनाए गए टोल नाके को लेकर बुधवार को एक बार फिर विवाद गहरा गया। टोल नाके को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग को लेकर बालाघाट के ट्रांसपोर्टरों बस एसोसिएशन और अन्य परिवहन संघों के पदाधिकारियों की स्थानीय सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में टोल शिफ्ट करने को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। इसके बाद परिवहन संघों ने निर्णय लिया कि जब तक मर्री टोल नाका दूसरी जगह शिफ्ट नहीं किया जाता तब तक स्थानीय वाहन टोल टैक्स नहीं देंगे। बालाघाट में पूर्व सांसद कंकर मुंजारे ने बुधवार को सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता कर किरनापुर थाने में सावित्री चौधरी के साथ कथित मारपीट के विरोध में हुए प्रदर्शन पथराव लाठीचार्ज और आंसू गैस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने पुलिस द्वारा की जा रही गिरफ्तारियों पर भी आपत्ति जताई। मुंजारे का कहना है कि घटना से सीधे जुड़े नहीं होने वाले लोगों को भी गिरफ्तार किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के 15 सितंबर के बालाघाट दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि दक्षिण बैहर के प्रभावित आदिवासी गांवों में जाकर पीड़ित परिवारों से संवाद करना जरूरी था। बालाघाट भवन निर्माण ठेकेदार संघ द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती 17 सितंबर को हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। आयोजन को लेकर 16 सितंबर को संगठन के पदाधिकारियों की बैठक हुई। कार्यक्रम स्थानीय कमला नेहरू महिला मंडल भवन में आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जो नगर भ्रमण के बाद वापस कार्यक्रम स्थल पहुंचेगी। दोपहर 1:30 बजे से मंचीय कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम के अंत में महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। संगठन के अध्यक्ष और सदस्यों ने श्रद्धालुओं एवं समाजजनों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव शीघ्र बहाल कराने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने बुधवार को उच्च शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का केंद्र नहीं बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और नेतृत्व विकास का भी महत्वपूर्ण मंच हैं। छात्र संघ चुनाव के जरिए विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्यक्ष भागीदारी और अपने प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलता है। साथ ही छात्रहित से जुड़े मुद्दों को महाविद्यालय प्रशासन और शासन के सामने रखने में प्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। परिषद ने सरकार से मांग की कि छात्र संघ चुनाव जल्द बहाल किए जाएं ताकि विद्यार्थियों को अपने प्रतिनिधि चुनने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर मिल सके। स्वामित्व योजना के कार्यों से अलग रखने की मांग पटवारी संघ ने निकाली रैली स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन पंजीयन-2026 योजना के कार्यों से पटवारियों को पूर्णतः अलग रखने की मांग को लेकर बुधवार को पटवारी संघ ने शहर में रैली निकाली। रैली के बाद संघ पदाधिकारियों और पटवारियों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर के माध्यम से जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संघ ने स्वामित्व योजना के साथ फार्मर आईडी जिओ टैग गिरदावरी और पटवारी संवर्ग की लंबित सेवा संबंधी समस्याओं पर तत्काल निर्णय लेने की मांग की। पटवारी संघ ने स्पष्ट किया कि वह ग्रामीण नागरिकों को स्वामित्व अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराने की योजना के विरोध में नहीं है। संघ की आपत्ति उन कार्यों को लेकर है जिनमें पटवारियों को व्यक्तिगत रूप से निष्पादक और जिम्मेदार बनाया जा रहा है। गणेश उत्सव में स्वच्छता का संदेश समितियों को बांटे डस्टबिन सेवा संकल्प अभियान के तहत गणेश उत्सव के दौरान धार्मिक आस्था के साथ स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। नगर पालिका अध्यक्ष भारती सुरजीतसिंह ठाकुर ने विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के पंडालों में पहुंचकर श्रद्धालुओं और समिति सदस्यों से संवाद किया। उन्होंने समितियों को सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने के लिए डस्टबिन वितरित किए। नपा अध्यक्ष ने कहा कि गणेश उत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना का पर्व भी है। उन्होंने बताया कि देश में महापुरुषों की प्रेरणा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ गणेश उत्सव मनाने की परंपरा रही है। अभियान के माध्यम से धार्मिक आयोजनों में स्वच्छता और राष्ट्र चेतना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। बालाघाट-नैनपुर मार्ग पर मंगलवार शाम करीब 6 बजे महकापाठा गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दो बाइक सवार घायल हो गए। जानकारी के अनुसार लामता निवासी अस्सू और मडावी बाइक से चांगोटोला-खामटोला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से लामता की ओर आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में अस्सू के दाहिने पैर के घुटने और पिंडली में गंभीर चोट आई जबकि सिर में भी चोट लगी। मडावी के हाथ और पैर में चोट बताई गई है। दोनों को लामता स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अस्सू को गंभीर हालत में जिला अस्पताल बालाघाट रेफर किया गया। दूसरी बाइक मोतेगांव निवासी बताई जा रही है। पुलिस जांच के बाद हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। मछुआ समितियों ने शिकायतों को बताया निराधार विभाग को सौंपा ज्ञापन लालबर्रा तहसील की चार मछुआ सहकारी समितियों के सदस्यों और पदाधिकारियों ने मंगलवार को उपायुक्त सहकारिता एवं उप संचालक मत्स्य पालन विभाग को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2024 से कुछ लोग मछुआ समाज के लोगों को बहला-फुसलाकर समितियों के खिलाफ लगातार शिकायतें करवा रहे हैं जिससे समितियों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि प्रशासन और छानबीन समितियों की पूर्व जांच में शिकायतें निराधार पाई गई थीं और नियमानुसार कार्रवाई भी हो चुकी है। इसके बावजूद आंदोलन धरना और न्यायालय का भय दिखाकर समिति सदस्यों पर दबाव बनाया जा रहा है। प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मामले में उचित कार्रवाई और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की मांग की।