गर्भवती महिला से कथित मारपीट के विरोध में उग्र प्रदर्शन किरनापुर थाने का घेराव बैगा बच्चों की मौत पर जीतू पटवारी ने सरकार से पूछा- जिम्मेदारी कौन लेगा? जीतू पटवारी के दौरे पर ट्रैफिक डायवर्ट शहर में लगा लंबा जाम बालाघाट के किरनापुर थाने में पुलिस हिरासत के दौरान गर्भवती महिला और उसके पति से कथित मारपीट के मामले में कार्रवाई और न्याय की मांग को लेकर मंगलवार को मरार माली समाज का प्रदर्शन उग्र हो गया। जिलेभर से पहुंचे हजारों प्रदर्शनकारियों ने रैली निकालकर थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने थाने का मुख्य गेट खोलकर परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा रोकने पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा कथित पत्थरबाजी किए जाने के बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। प्रदर्शनकारी संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और पीड़ित दंपती को न्याय दिलाने की मांग कर रहे थे। घटना के बाद किरनापुर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बालाघाट पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बैगा आदिवासी बच्चों की मौत को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 32 बच्चों की मौत के बावजूद सरकार यह तय नहीं कर पाई कि जिम्मेदार कौन है और दोषियों पर कार्रवाई कब होगी। पटवारी ने दावा किया कि बैगा बहुल क्षेत्रों में 6442 बच्चों की जांच में 1142 बच्चे कुपोषित मिले हैं। उन्होंने सागर शराब कांड को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। किसानों और लाड़ली बहनों के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए पटवारी ने कहा कि चुनाव में धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल और लाड़ली बहनों को 3000 रुपए मासिक देने का वादा किया गया था लेकिन वादे पूरे नहीं हुए। बालाघाट में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के 15 सितंबर को आगमन के दौरान शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पटवारी का कार्यक्रम अंबेडकर चौक पर आयोजित किया गया था। पुलिस ने हनुमान चौक से मेन रोड और पुराने राम मंदिर से गोंदिया मार्ग का यातायात डायवर्ट किया। दोपहर 12 बजे से काली पुतली चौक जय स्तंभ चौक और रानी दुर्गावती चौक को बंद कर दिया गया। पटवारी के पहुंचते ही शहर की सड़कों पर लंबा जाम लग गया। पुराने राम मंदिर मार्ग पर करीब एक घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। स्कूली छात्र व्यापारी और आम लोगों को हुई परेशानी को लेकर नाराजगी जताई। बैहर-बिरसा क्षेत्र में बैगा आदिवासी बच्चों की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में अंबेडकर चौक से कलेक्ट्रेट तक न्याय यात्रा निकाली गई। इससे पहले आयोजित आमसभा में पटवारी ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि 32 मासूम आदिवासी बच्चों की मौत के बावजूद सरकार अब तक जिम्मेदारी तय नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा न्याय का विकल्प नहीं हो सकती। आमसभा में आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया और मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई। भारत रत्न डॉ. सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की 165वीं जयंती के अवसर पर 15 सितंबर को बालाघाट में डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन और सेवानिवृत्त अभियंता संघ ने अभियंता दिवस मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत विश्वेश्वरैया की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस दौरान उनके तकनीकी योगदान और देश के विकास में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि अभियंता दिवस मनाने का उद्देश्य विश्वेश्वरैया के कार्यों और आदर्शों को जीवन में अपनाना और आगे बढ़ाना है। कार्यक्रम के दौरान अभियंताओं और कर्मचारियों ने उनके योगदान का गुणगान किया। साथ ही भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर अभियंताओं का सम्मान भी किया गया। सुहागनों ने पति की लंबी उम्र व परिवार की सुख समृद्धि एवं कुंवारी कन्याओं के द्वारा मनचाहा वर पाने के लिए १४ सितम्बर को हरितालिका तीजा का निर्जला व्रत किया गया। पूजा आराधना व भजन कीर्तन कर पूरी रात जागरण के बाद मंगलवार की सुबह गौर विसर्जन कर व्रत खोला गया। व्रतधारी महिलाओं ने नदी-जलाशयों के तट पर गौर का पूजन कर विसर्जन किया। इस दौरान व्रती महिलाओं ने सुहागन महिलाओं की ओली भी भरी। तत्पश्चात प्रसाद वितरण कर तीज का कठिन व्रत तोडक़र अन्न-जल ग्रहण किया। गौर विसर्जन के दौरान नदी तट व सरोवरों में महिलाओं की सुबह से ही भीड़ लगने लगी। जिससे मेला सा माहौल रहा। नदी तट पर सुरक्षा के इंतजाम किये गये थे व नदी व तालाब के जल को स्वच्छ रखने पानी में पूजन सामग्री न डालकर नपा के कर्मचारियों द्वारा कचरा वाहन खड़ा कर पूजन सामग्री पानी के बाहर ही लिया गया। जिले के वारासिवनी थाना क्षेत्र के ग्राम टेकाड़ी में एक १५ वर्षीय किशोरी की सर्प दंश से उपचार दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। जिसकी तहरीर अस्पताल पुलिस चौकी को मिलने पर पुलिस ने मृतिका वैशाली पिता टेकचंद गाड़ेकर का शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मामला संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार १४ सितम्बर की रात वैशाली अपनी बहन के साथ एक ही पलंग में सोई थी। रात करीब २ बजे शरीर में ऐठन व पेट दर्द एवं चक्कर आने व दम घुटने लगा। इस बारे में वैशाली ने अपने माता-पिता को दी। जब उसके परिजनों ने देखा तो बिस्तर के नीचे से सांप निकल रहा था और मृतिका के पैर में सांप के काटने के निशान थे। जिसे परिजनों ने तत्काल ईलाज के लिए जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया। जहां ईलाज दौरान किशोरी की मौत हो गई।