Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
क्षेत्रीय
12-Sep-2026

जबलपुर । पाटन के थापक वार्ड स्थित एक पीपल के पेड़ पर पिछले कुछ दिनों से एक बड़ा सांप लटकता दिखाई दे रहा था जिससे आसपास के रहवासियों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ था। मामले की सूचना प्रशासन को दिए जाने के बाद नगर परिषद की टीम फायर ब्रिगेड की गाड़ी लेकर मौके पर पहुंची। पेड़ की डालियों पर छिपे सांप को नीचे उतारने के लिए कर्मचारियों ने वाटर कैनन से तेज पानी की बौछारें कीं जिससे सांप पेड़ से फिसलकर सीधे बिजली के तारों पर गिरा और फिर पास के एक मकान में जा घुसा।इसके बाद मौके पर पहुंचे सर्प विशेषज्ञ और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित बाहर निकाला। जांच के दौरान सर्प विशेषज्ञ ने बताया कि यह धामन प्रजाति का सांप था जो पूरी तरह से बिन-जहरीला और हानिरहित होता है। फायर ब्रिगेड टीम की सफल कार्रवाई और रेस्क्यू के बाद स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है। जबलपुर । मध्यप्रदेश के सिवनी जिले ग्राम संगई के निपुण सिंह ने श्रीलंका में आयोजित 24वीं मैनहंट इंटरनेशनल 2026 में 1st रनर अप का खिताब जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता के इतिहास में भारत के लिए यह 2001 के बाद की सबसे बड़ी सफलता है। इससे पहले 1995 में डिनो मोरिया और 1999 में जॉन अब्राहम यह मुकाम हासिल कर चुके हैं।ग्राम संगई निवासी भानु प्रकाश सिंह बघेल एवं सुधा बघेल के सुपुत्र निपुण सिंह की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उनके परिवार और सिवनी-जबलपुर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस वैश्विक सफलता के बाद निपुण सिंह का पहली बार संस्कारधानी जबलपुर आगमन हो रहा है जहाँ शहरवासियों और शुभचिंतकों द्वारा उनके नागरिक अभिनंदन और भव्य स्वागत समारोह की तैयारियाँ की गई हैं। जबलपुर । शहर के विजयनगर स्थित जीरो डिग्री के पास सड़क पर कार से खतरनाक स्टंटबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वायरल वीडियो में बेखौफ युवक चलती कार के शीशे और दरवाजों से बाहर लटककर वाहन को लहराते हुए चला रहे हैं। इस तरह की सरेराह स्टंटबाजी और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने से राहगीरों और अन्य चालकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बन आया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि वीडियो पुलिस के संज्ञान में आ चुका है और शुरुआती पड़ताल में यह स्थान जीरो डिग्री के समीप का ही लग रहा है। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी को वीडियो भेजकर कार के नंबर की मदद से युवकों की शिनाख्त के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि पहचान होते ही स्टंटबाजों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर व्हीकल एक्ट की कड़ी धाराओं के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। शहर के प्रसिद्ध जयंती कॉम्प्लेक्स में गाड़ी पार्क करने की बात को लेकर बढ़ा विवाद मारपीट में बदल गया। जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक नमन पिल्ले अपने मोबाइल पर कवर लगवाने के उद्देश्य से जयंती कॉम्प्लेक्स गया था। जब वह अपनी गाड़ी लेकर कॉम्प्लेक्स के अंदर प्रवेश कर रहा था तभी पीछे से आए एक व्यक्ति ने उससे गाड़ी किनारे करने को कहा। इस पर नमन ने उत्तर दिया कि आगे की गाड़ी हटते ही वह अपनी गाड़ी अलग कर लेगा। हालांकि जैसे ही युवक ने अपनी गाड़ी स्टैंड पर लगाई तभी उक्त व्यक्ति अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंच गया और उसने नमन के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। घटना के तुरंत बाद पीड़ित युवक शिकायत दर्ज कराने ओमती थाने पहुंचा और पुलिस अधिकारी को पूरी आपबीती सुनाई। पीड़ित नमन पिल्ले ने ओमती थाना पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि मारपीट करने वाले लोग जयंती कॉम्प्लेक्स स्थित आर आर मोबाइल दुकान से जुड़े कर्मचारी व संचालक थे। अचानक हुए इस हमले से कॉम्प्लेक्स में मौजूद अन्य ग्राहकों और व्यापारियों में हड़कंप मच गया। जबलपुर । शहर के मिलौनीगंज क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुभाष मार्केट मार्ग पर विद्युत विभाग द्वारा केबल बदलने का कार्य किया जा रहा था तभी एक जर्जर बिजली का पोल अचानक भरभराकर सड़क की ओर आ गिरा। पोल गिरते ही तेज धमाके के साथ शॉर्ट सर्किट हुआ जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। घटना के वक्त एक संविदा कर्मचारी पोल पर चढ़कर काम कर रहा था जिसे स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित नीचे निकाला। गनीमत रही कि पास स्थित स्कूल के बच्चे और राहगीर इसकी चपेट में आने से बच गए। पोल का एक हिस्सा पास के मकान पर जा टिका। हादसे के बाद आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग से जर्जर पोलों का सर्वे कराकर उन्हें तुरंत बदलने और मेंटेनेंस के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की मांग की है।