बीजेपी ने उत्तराखंड में कांग्रेस के प्रदर्शन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाया है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस हल्द्वानी की घटना के जरिए समाज में वैमनस्य और विद्वेष फैलाने का प्रयास कर रही है। इसके विरोध में बीजेपी प्रदेश के सभी 19 संगठनात्मक जिलों में जिला मुख्यालयों पर ‘सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना’ आयोजित करेगी। इसमें बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे। पार्टी का उद्देश्य कांग्रेस के कथित प्रयासों का विरोध करने के साथ जनता के बीच भाईचारे एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देना है। देहरादून पुलिस लाइन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई जनप्रतिनिधि और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। आयोजन में राष्ट्रीय कलाकारों के साथ उत्तराखंड के स्थानीय कलाकारों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और गीता की शिक्षाएं धर्म कर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। मुख्यमंत्री धामी ने भी बधाई देते हुए श्रीकृष्ण के बताए मार्ग पर चलने और विकसित भारत के संकल्प में योगदान देने का आह्वान किया। जिले में शनिवार सुबह से बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया है। लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने मौसम की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। बारिश के चलते भूस्खलन और सड़क अवरुद्ध होने जैसी स्थिति पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने को कहा है। वहीं लोगों से भी मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) को धरातल पर उतारने और विवाह पंजीकरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की दिशा में सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। इसके तहत प्रदेश में अब निकाहनामे का नया प्रारूप तैयार किया जा रहा है और सिर्फ वक्फ बोर्ड में पंजीकृत मौलवी ही निकाह पढ़ा सकेंगे। उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष शादाब शम्स ने इस नई व्यवस्था पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में यूसीसी लागू होने जा रहा है जिसे पूरी ईमानदारी के साथ निकाहनामे में भी अमल में लाया जाएगा। कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित विधान सौध थाने में उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज हुई है। ये मामला कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी रैली के बाद भाजपा नेताओं द्वारा कथित तौर पर किए गए शुद्धिकरण से जुड़ा है। जानकारी अनुसार शिकायत आदिवासी कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष टी.आर. रामप्पा ने दर्ज कराई है। आरोप है कि भाजपा नेताओं ने SC समुदाय से नाता रखने वाले कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष का सार्वजनिक अपमान कर जातिगत भेदभाव को बढ़ावा दिया है। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने आरोपों को खारिज किया है उन्होंने कहा कि उनका कोई बयान या विज्ञप्ति जारी नहीं हुई है जिससे ये साबित हो कि भाजपा ने शुद्धिकरण कराया है। उन्होने बताया कि शुद्धिकरण का कार्य एक स्वयंसेवी संस्था द्वारा किया गया था। हल्द्वानी के शुद्धिकरण यज्ञ मामले को लेकर उत्तराखंड की सियासत फिर गरमा गई है। कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक में महेंद्र भट्ट के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज हुई है। कांग्रेस का आरोप है कि हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए शुद्धिकरण यज्ञ को भाजपा नेताओं के बयानों से समर्थन मिला। दसौनी ने कहा कि संविधान में छुआछूत और भेदभाव की कोई जगह नहीं है। उन्होंने सरकार से पारदर्शी जांच के लिए उच्चस्तरीय कमेटी गठित करने की मांग की। शिक्षक दिवस के मौके पर देहरादून में भाजपा ने शिक्षकों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने का दावा किया। राजकीय शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष राम सिंह चौहान समेत कई शिक्षकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा की विकासपरक नीतियों और सरकार के कामकाज से प्रभावित होकर विभिन्न वर्गों के लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं। वहीं राम सिंह चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत के कहने के बावजूद उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला नहीं लिया। उन्होंने भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर देश और समाज के विकास में योगदान देने की बात कही।