समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद और दहशतगर्दी के खिलाफ सभी देशों से मिलकर लड़ने का आह्वान किया है। इस पर वन मंत्री केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री के बयान का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में आतंकवाद के खिलाफ सभी देशों को एकजुट होकर काम करने की जरूरत है। प्रधानमंत्री का यह आह्वान स्वागत योग्य है। पंजाब में छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जीत पर वन मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर बात पर सवाल खड़ा करती है। केदार कश्यप ने तंज कसते हुए कहा कि भूपेश बघेल जहां-जहां जाते हैं वहां कांग्रेस का बंटाधार हो जाता है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल कांग्रेस के पंजाब प्रभारी हैं और पंजाब के छात्र संघ चुनाव में ABVP ने सफलता हासिल की है। भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की महिलाएं सशक्त और आत्मनिर्भर होकर हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि स्वर्गीय करुणा शुक्ला और डॉ. सरोज पांडेय के बाद छत्तीसगढ़ को संगठन में राष्ट्रीय स्तर पर यह जिम्मेदारी मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में महिला शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘लखपति दीदी’ महतारी वंदन योजना पीएम आवास आयुष्मान भारत और कृषक उन्नति योजना जैसी योजनाओं से महिलाओं किसानों और गरीब परिवारों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा खेल विज्ञान विमानन और अन्य क्षेत्रों में देश का नाम रोशन कर रही हैं। जल संरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शिखर सम्मेलन में छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का प्रेजेंटेशन देंगे। इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि जल संरक्षण की दिशा में प्रदेश में उल्लेखनीय काम हुए हैं। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के चार ब्लॉक रेड जोन में थे जहां जल संरक्षण के साथ भूमिगत जल स्तर बढ़ाने के लिए काम किया गया है। मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सिंचाई और जल संरक्षण की दिशा में कांग्रेस ने पांच साल में जितना खर्च नहीं किया उससे अधिक काम भाजपा सरकार ने ढाई साल में किया है। सोशल मीडिया पर बीजेपी की ओर से जारी रैप सॉन्ग को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धनेंद्र साहू ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कई तरह के ‘चश्मे’ देखे हैं। अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल के ‘इंडिया शाइनिंग’ अभियान और 15 साल की रमन सरकार का जिक्र करते हुए साहू ने कहा कि उस सरकार का हश्र 16 सीटों तक पहुंच गया था। धनेंद्र साहू ने तंज कसते हुए कहा कि ‘सावन के अंधे को सब हरा-हरा दिखाई देता है’ वही चश्मा बीजेपी को अभी भी लगा हुआ है। उन्होंने सरकार के विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीजेपी नेताओं को गांवों में जाकर वास्तविक स्थिति देखनी चाहिए जहां जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता सरकार को आईना दिखाने का काम कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ के इंद्रावती टाइगर रिजर्व में सामने आए वन्यजीव तस्करी के मामले ने अब सियासी रंग ले लिया है। वन मंत्री केदार कश्यप ने मामले की गंभीरता को देखते हुए CBI जांच की बात कही है। सरकार को आशंका है कि तस्करी के तार दूसरे राज्यों से जुड़े हो सकते हैं और इसके पीछे अंतरराज्यीय नेटवर्क की भूमिका हो सकती है। वहीं कांग्रेस ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए वन विभाग की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार बनने के बाद वन्यजीव तस्करी और शिकार के मामले बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि CBI जांच अपनी जगह है लेकिन जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा की प्राथमिक जिम्मेदारी वन विभाग की है।