Hindi News Agency,Public Search Engine, Public directory - Express Media Service
ट्रेंडिंग
02-Sep-2026

जबलपुर। गढ़ा थाना अंतर्गत ऋषि रेजीडेंसी के सामने अवैध रूप से शराब ले जाने की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंचे भगवती मानव संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि अवैध शराब ले जाने की वीडियो रिकॉर्डिंग करते समय आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई की और मोबाइल छीन लिया। इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने संबंधित स्थान पर निर्धारित स्टॉक से अधिक मात्रा में शराब रखे होने की भी शिकायत की है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की तस्दीक और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संगठन द्वारा दिए गए आवेदनों और आरोपों की विधिवत जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जबलपुर। अधारताल थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी विवेक पांडे उर्फ चूहा को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सटीक सूचना और लगातार निगरानी के बाद आरोपी को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या हत्या के प्रयास चाकूबाजी अड़ीबाज़ी और मारपीट जैसे 26 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।फरार चल रहे इस कुख्यात बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य सहयोगियों और आपराधिक रिकॉर्ड से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। जबलपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर यादव महासभा जबलपुर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव के तहत युवा यादव महासभा एवं युवा यादव ब्रिगेड द्वारा एल्गिन अस्पताल में रक्तदान शिविर लगाया गया। दादा गुरु समर्थ भैया जी सरकार के पावन सानिध्य में आयोजित इस शिविर में युवाओं ने पीड़ित मानवता की सेवा के लिए बढ़-चढ़कर स्वेच्छा से रक्तदान किया।आयोजकों ने बताया कि जन्माष्टमी पर्व पर हर वर्ष सामाजिक व सेवा कार्य किए जाते हैं। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में यादव समाज के युवा और पदाधिकारी उपस्थित रहे। जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र स्थित टेलीग्राफ फैक्ट्री के पुराने भवन में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। बारिश के कारण जर्जर हो चुकी दीवार अचानक भरभराकर गिर जाने से कबाड़ व लोहा निकाल रहे दो मजदूरों की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान स्थानीय निवासी अकबर और बंगाल निवासी नसीम के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।बताया जा रहा है कि फैक्ट्री की पुरानी सामग्री का ठेका जयपुर की एक कंपनी को मिला था जिसके कर्मचारी पिछले 15 दिनों से यहाँ काम कर रहे थे। हादसे के बाद ठेका कंपनी की कार्यशैली और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं क्योंकि मजदूरों को बिना हेलमेट व सुरक्षा संसाधनों के जर्जर भवन में काम पर उतारा गया था। मदन महल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर ठेका कंपनी की लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की जांच शुरू कर दी है। कुण्डम के ग्राम तिलसानी स्थित माँ शारदा एग्रो पार्क में शासकीय अनाज की बड़े पैमाने पर हेराफेरी का मामला सामने आया है। इसको लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव आशीष मिश्रा ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर वेयरहाउस का लाइसेंस तत्काल निरस्त करने की मांग की है।सपा नेता ने बताया कि जनवरी 2026 में नायब तहसीलदार और पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए 21 टन अवैध धान ज़ब्त कर गोडाउन को सील किया था। आरोप है कि सीलिंग की कार्रवाई के बावजूद वेयरहाउस संचालक विनीत वाजपेयी द्वारा बेखौफ होकर अनाज का घपला जारी रखा गया है। उन्होंने कलेक्टर से उच्चस्तरीय औचक जांच कराने सीलिंग के उल्लंघन पर संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और वेयरहाउस का लाइसेंस रद्द करने की मांग की है। जबलपुर। नगर निगम जबलपुर के अग्निशमन विभाग में कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने और सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का पालन कराने की मांग को लेकर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत महानगर जबलपुर ने महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू को ज्ञापन सौंपा है।संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से जोर दिया कि लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे अग्निशमन कर्मचारियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार शीघ्र पूरा कर उन्हें उनके वाजिब अधिकार और शासकीय लाभ प्रदान किए जाएं। ज्ञापन सौंपने के दौरान अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के महानगर अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी संगठन के कई पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।