रायपुर पुलिस ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की BSc कृषि द्वितीय वर्ष की कीटशास्त्र परीक्षा का पेपर लीक करने वाले गिरोह का 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले के मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड भारती एग्रीकल्चर कॉलेज दुर्ग के प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक प्रोफेसर ने प्रश्नपत्र के लिफाफे में सुई और नुकीले उपकरण से छेद कर मोबाइल कैमरे से उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग की। इसके बाद प्रश्नपत्र की सामग्री तैयार कर कॉलेज के छात्रों को कुल 11 हजार रुपये में बेच दिया। छात्रों के माध्यम से प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 हजार रुपये नकद 6 मोबाइल फोन वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस केबल मोबाइल कनेक्टर और अन्य सामग्री जब्त की है। मामले में 2 आरोपी अभी फरार हैं जिनकी तलाश जारी है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2008 और BNS की धारा 316 के तहत मामला दर्ज किया गया है। रायपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री आवास खनिज संशोधन विधेयक स्कूलों की स्थिति पेपर लीक महंगाई शराब-सट्टा और ट्रांसफर समेत कई मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा। प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर उन्होंने 18 लाख और करीब 10 लाख आवास के अलग-अलग आंकड़ों पर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। वहीं खनिज संशोधन विधेयक को छत्तीसगढ़ के लिए नुकसानदायक बताते हुए केंद्र और राज्य सरकार से जवाब मांगा। बघेल ने जर्जर और भवनविहीन स्कूलों का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर स्कूल बंद करने और शिक्षा व्यवस्था की अनदेखी का आरोप लगाया। IGKV पेपर लीक मामले को लेकर उन्होंने कहा कि नए कानून के बाद भी पेपर लीक होना सरकार के सिस्टम पर सवाल खड़े करता है। एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल और महंगाई पर भी बघेल ने सरकार को घेरा। शराब और सट्टे के मामलों में कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि नकली और ओवररेट शराब के साथ सट्टे का कारोबार जारी है।शिक्षा विभाग में ट्रांसफर उद्योग चलने का आरोप लगाते हुए बघेल ने कहा कि तबादलों की प्रक्रिया सवालों के घेरे में है। रायपुर एम्स के दीक्षांत समारोह के निमंत्रण पत्र में सांसदों के नाम नहीं होने के मामले में उन्होंने भाजपा में गुटबाजी और प्रदेश में अधिकारियों के हावी होने का आरोप लगाया। गरियाबंद जिले के छुरा ब्लॉक स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के जनजातीय बच्चों ने इस वर्ष शानदार सफलता हासिल की है। विद्यालय के 15 विद्यार्थियों ने NEET-UG परीक्षा में सफलता पाई है जिनमें 11 छात्र और 4 छात्राएं शामिल हैं। इनमें विशेष पिछड़ी जनजाति कमार समुदाय के एक छात्र और एक छात्रा भी शामिल हैं। करीब 480 विद्यार्थियों वाले इस विद्यालय से विभिन्न उच्च शिक्षा प्रवेश परीक्षाओं में कुल 49 सफलताएं मिली हैं। इनमें NEET के 15 NCET के 15 ITEP के 8 BSc नर्सिंग के 4 B.Pharm के 4 और JEE Main के 3 विद्यार्थी शामिल हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से यहां सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत भी की गई है जहां मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की विशेष तैयारी कराई जा रही है। बेहतर मार्गदर्शन आधुनिक संसाधनों और शिक्षकों की मेहनत से विद्यालय का परीक्षा परिणाम लगभग 50 प्रतिशत से बढ़कर करीब 100 प्रतिशत तक पहुंच गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दो दिवसीय दिल्ली प्रवास के बाद छत्तीसगढ़ लौट आए। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि दिल्ली में आयोजित द इकोनॉमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडरशिप फोरम में उन्होंने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने फोरम में छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति निवेश की संभावनाओं और नक्सलवाद से मुक्त हो रहे बस्तर में उद्योग एवं रोजगार के अवसरों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि नई उद्योग नीति को देश-विदेश में सराहना मिल रही है और प्रदेश में अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए हैं। CM साय ने देश-विदेश के निवेशकों को छत्तीसगढ़ आने का न्योता दिया। दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव से भी मुलाकात की। धमतरी जिले में रील बनाने के जुनून में दो युवकों को नियम और सुरक्षा व्यवस्था का उल्लंघन करना भारी पड़ गया। दोनों युवकों ने जिला उप-जेल के मुख्य द्वार के पास रील बनाई जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।पुलिस के अनुसार मौके पर पहुंची टीम ने दोनों युवकों को उप-जेल क्षेत्र की संवेदनशीलता और सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए रील नहीं बनाने की समझाइश दी थी। इसके बावजूद दोनों युवक वहां रील बनाते रहे। पुलिस ने शेख आसिफ और जसवंत सिंह हिरा के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126 और 135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।