मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई में उत्तराखंड ऊर्जा प्रदेश की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने देहरादून स्थित ऊर्जा भवन में निगम की अब तक की उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना का रोडमैप मीडिया के सामने रखा। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता सुविधाओं कार्मिक हितों वित्तीय प्रबंधन और बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई स्तरों पर काम किया जा रहा है। अब देखना होगा कि यूपीसीएल की ओर से तय किए गए इन लक्ष्यों को धरातल पर उतारने में कितनी तेजी आती है और ऊर्जा प्रदेश की दिशा में निर्धारित लक्ष्यों को निगम कब तक हासिल कर पाता है। देहरादून में चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर शिवसेना के प्रदेश प्रमुख गौरव कुमार ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आम जनता को भारी महंगाई का सामना करना पड़ रहा है। शिवसेना नेता ने आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार एथेनॉल से पेट्रोल बनाने और उसके दाम कम होने के दावे कर रही थी लेकिन पेट्रोल के दाम तो कम नहीं हुए बल्कि आम आदमी की रसोई में इस्तेमाल होने वाली चीनी के दाम आसमान छूने लगे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों के सीजन में चीनी की खपत बढ़ जाती है ऐसे में इसके महंगे होने से मध्यम वर्गीय परिवारों और आम जनता की जेब पर भारी बोझ पड़ रहा है। शिवसेना ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चीनी के दामों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो जनता का आक्रोश और अधिक बढ़ेगा। मसूरी-देहरादून मार्ग पर लगातार हो रहे भूस्खलन से राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। शनिवार सुबह सड़क का एक हिस्सा दोबारा क्षतिग्रस्त होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल धीमी गति से यातायात शुरू कराया गया है। प्रशासन के मुताबिक मार्ग को पूरी तरह दो-तरफा यातायात के लिए खोलने में 8 से 10 दिन लग सकते हैं। फिलहाल भारी और बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। एसडीएम राहुल आनंद ने पुलिस को प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय लोगों ने बरसात के दौरान कोलूखेत और पानी वाले बेंड के आसपास भी भूस्खलन की आशंका जताई है। ऐसे में यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। उत्तराखंड में बढ़ती चीनी और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने दावा किया कि 20 दिनों में चीनी के दाम करीब 20 रुपये प्रति किलो बढ़कर 65 रुपये तक पहुंच गए हैं। उन्होंने महंगाई के लिए सरकार की एथेनॉल नीति को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इसका असर गन्ने और चीनी उत्पादन पर पड़ रहा है। पेट्रोल में एथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए और वाहनों के इंजन पर असर का दावा किया। कांग्रेस ने महंगी चीनी और पेट्रोल के खिलाफ प्रदेशभर में आंदोलन चलाने का ऐलान किया है। पार्टी इस मुद्दे को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने की तैयारी में है। भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर लगातार बैठके कर रही है इसी क्रम में हुई बैठकों व आगामी कार्यक्रमो के सम्बंध में प्रदेश महामंत्री कुन्दन परिहार ने बताया प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट व मुख्यमंत्री धामी की अध्यक्षता में सभी संसदीय क्षेत्रों के सांसदों विधायकों व जिला अध्यक्षों के साथ बैठक हुई है जिसमे सभी से फीडवैक लिया गया है और चुनावी रणनीति पर चर्चा कर रोड मैप तैयार किया गया है ऐसे ही हमारी संगठन स्तर पर मण्डल अध्यक्षों तक बैठके हो चुकी है जिसमे मुख्य रूप से हमारी सरकार की नीतियों को जनजन तक पहचान व क्षेत्र की मुख्य समस्यों के समाधान करने पर विशेष जोर दिया गया हैइसी प्रकार से आगामी कार्यक्रमो में हमारे सभी जनप्रतिनिधियों व मंत्री विधायक सांसद जनता की भागीदारी कर उनके बीच जा कर उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान का रास्ता निकालेंगे इसी तरह के कार्यक्रम आगामी चुनाव तक चलते रहेंगे। रुड़की के कलियर मार्ग स्थित कांवड़ पटरी पर शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि छह लोग घायल हुए हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलते ही कलियर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। देर रात तक मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और तेज रफ्तार व लापरवाही समेत अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है।