शेयर बाजार में जोरदार तेजी शेयर बाजार में आज यानी 20 अगस्त को जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा चढ़कर 77400 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी 100 अंक से ज्यादा की बढ़त है और यह 24200 के आसपास कारोबार कर रहा है। बाजार में खास तौर पर IT और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी देखने को मिल रही है। इंडिगो की ऑनलाइन सेवाओं में दिक्कत देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की वेबसाइट और ऐप पर टिकट बुकिंग में परेशानी आ रही है। कई यात्रियों को फ्लाइट सर्च करने या नई बुकिंग के दौरान किराया और शेड्यूल दिखाई नहीं दे रहा है। वेब चेक-इन में भी दिक्कत की शिकायत सामने आई है। एयरलाइन ने कहा है कि सिस्टम में रुक-रुककर तकनीकी समस्या आ रही है और इसे जल्द ठीक करने के लिए उसकी टीमें काम कर रही हैं। दिवाली से पहले पटाखों पर सुप्रीम कोर्ट का सुझाव सुप्रीम कोर्ट ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी CPCB से दिवाली से पहले पटाखों के शोर की तय सीमा और कुछ श्रेणियों के पटाखों पर आंशिक ढील दिए जाने की संभावना पर विचार करने को कहा है। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस पीबी वराले की पीठ ने कहा कि इस मुद्दे पर दिवाली के ठीक पहले जल्दबाजी नहीं होनी चाहिए। कोर्ट ने CPCB से पहले ही इस संबंध में विचार करने को कहा है। रुपए को गिरने से बचाने की जरूरत नहीं प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल ने कहा है कि भारत को रुपए में गिरावट रोकने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उनके मुताबिक करेंसी का स्तर बाजार को तय करने देना चाहिए और सरकार का मुख्य फोकस महंगाई को नियंत्रित रखने पर होना चाहिए। सान्याल ने कहा कि भारत ने जब महंगाई लक्ष्य तय करने की व्यवस्था अपनाई थी तब उसने करेंसी एक्सचेंज रेट की बजाय मॉनेटरी पॉलिसी को प्राथमिकता दी थी। SBI के BSBD खाताधारकों के लिए नया चार्ज स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने बेसिक सेविंग्स बैंक डिपॉजिट यानी BSBD खाताधारकों के लिए सर्विस चार्ज के नियमों में बदलाव किया है। नए नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे। इसके बाद खाताधारकों को हर महीने कुल चार फ्री कैश विड्रॉवल की सुविधा मिलेगी। पांचवीं और उसके बाद की हर कैश निकासी पर 15 रुपए प्लस GST का चार्ज देना होगा।